अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले चल समारोह की तैयारियां तेज, पुलिस कमिश्नर-कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ किया रूट निरीक्षण
इंदौर। अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले झांकी चल समारोह को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार रात पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम,पुलिस, नगर निगम और मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के साथ झांकी मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूरे रूट पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान पांडाल और स्वागत मंचों की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, रोशनी, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि झांकी मार्ग पर कहीं ऐसा अवरोध तो नहीं है, जिससे चल समारोह के दौरान परेशानी हो सकती है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पूरी तरह बाधामुक्त रखा जाए। पांडाल और स्वागत मंच निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही लगाए जाएं। विद्युत सुरक्षा के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
चल समारोह के दौरान यातायात और भीड़ नियंत्रण के साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही सुगम रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।