अनंत चतुर्दशी चल समारोह में समय की पाबंदी जरूरी; अखाड़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रमाण-पत्र के साथ मिलेगा नकद पुरस्कार
इंदौर। अनंत चतुर्दशी के चल समारोह को लेकर प्रशासन ने इस बार समय, अनुशासन और ध्वनि व्यवस्था को लेकर सख्ती तय की है। कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में हुई झांकी एवं अखाड़ा संचालकों की बैठक में स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक झांकी पर अधिकतम दो स्पीकर ही लगाए जा सकेंगे। इससे अधिक स्पीकर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई होगी, जबकि डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित पुलिस-प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि अनंत चतुर्दशी इंदौर की गौरवशाली परंपरा है। इसे व्यवस्थित और निर्बाध रखने के लिए सभी संचालकों को तय नियमों और समय-सारणी का पालन करना होगा।
समय से ज्यादा प्रदर्शन किया तो कटेंगे अंक
अखाड़ों को निर्णायक मंच के सामने निर्धारित समय में ही प्रदर्शन पूरा करना होगा। समय सीमा से अधिक प्रदर्शन करने पर निगेटिव मार्किंग और अंक काटने की व्यवस्था रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि एक झांकी या अखाड़े के अधिक समय लेने से पीछे आने वाले सभी दल प्रभावित होते हैं और दर्शक भी सभी प्रस्तुतियां नहीं देख पाते।
झांकियों की ऊंचाई और मंचों की चौड़ाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए हैं। झांकियों का क्रम पूर्ववत रहेगा और शाम 6 बजे से चल समारोह शुरू होगा। पहली झांकी श्री खजराना गणेश मंदिर की होगी।
हाथी-ऊंट नहीं, अखाड़े के साथ सीमित वाहन
प्रत्येक अखाड़े के साथ अधिकतम एक बैलगाड़ी और एक ठेला गाड़ी की अनुमति रहेगी। अधिक संख्या में घोड़ा गाड़ी या ठेले आने पर उन्हें रोका जाएगा। हाथी और ऊंट को चल समारोह में शामिल करने की अनुमति नहीं होगी।
अखाड़ों के सदस्यों की पहचान के लिए नाम लिखी बनियान, पोशाक या बैज रखना होगा। नशे की हालत में मिलने वाले व्यक्ति को पुलिस जुलूस से बाहर कर सकेगी। धारदार और घातक हथियार प्रतिबंधित रहेंगे। खलीफा केवल प्रतीकात्मक तलवार रख सकेंगे।
खजराना गणेश से राजवाड़ा तक रहेगा झांकियों का सफर
झांकियां मिल क्षेत्र से शुरू होकर मजदूर मैदान, भंडारी मिल, देवी अहिल्या मार्ग, एमजी रोड, कृष्णपुरा, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, नृसिंह बाजार, शीतलामाता बाजार, गौराकुंड, खजूरी बाजार होते हुए राजवाड़ा पहुंचेंगी और फिर संबंधित मिलों की ओर लौटेंगी। नई झांकी को इस बार शामिल नहीं किया जाएगा।
पारंपरिक कला और खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अखाड़ों को प्रमाण-पत्र के साथ नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।