भोपाल/आलीराजपुर। एक मंत्री पर महिला के आरोप से प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर एक महिला का सनसनीखेज वीडियो बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। खुद को 'रश्मि नागर सिंह चौहान' बताने वाली इस महिला ने दावा किया है कि वह महज 18 साल की उम्र से, यानी पिछले 20 वर्षों से मंत्री नागर सिंह चौहान के साथ रिश्ते में हैं। महिला ने मंत्री की पत्नी और रतलामी-झाबुआ सीट से भाजपा सांसद अनिता चौहान पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल मच गई है।
महिला रश्मि ने वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि वह बिना किसी राजनीतिक या सामाजिक दबाव के पूरे होश-हवास में अपना बयान दे रही हैं। रश्मि के अनुसार, मंत्री नागर सिंह चौहान ने जीवनभर साथ निभाने का वादा किया था और इसी भरोसे के आधार पर उन्होंने अपने जीवन के दो दशक बिता दिए। रश्मि का यह भी दावा है कि वह मंत्री के आधिकारिक शासकीय आवास में रहने के बजाय उनके निर्देशानुसार एक अलग मकान में रहती थीं और हमेशा उनके कहे अनुसार ही जीवन व्यतीत करती रहीं।
प्रकरण में नया मोड़ तब आया जब रश्मि ने भाजपा सांसद अनिता चौहान पर निजी संदेश भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि सांसद द्वारा भेजे गए आपत्तिजनक संदेशों की वजह से उनका बेटा बेहद तनाव में आ गया और इस कदर व्यथित हुआ कि वह अपनी परीक्षा तक देने नहीं जा सका। हालांकि, रश्मि ने अपने बेटे के पिता की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। महिला ने सांसद के साथ हुई वॉट्सऐप बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट साझा करने का दावा करते हुए कहा कि जब उन्होंने सांसद से एक मां और पत्नी के नाते बात करने का प्रयास किया, तो उन्हें भविष्य में कभी भी आमना-सामना न करने की सख्त हिदायत दी गई।
महिला ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि सांसद पत्नी के व्यवहार से खुद मंत्री नागर सिंह चौहान भी मानसिक तनाव के दौर से गुजरते थे और अक्सर बेहद परेशान होकर कहते थे कि अत्यधिक तनाव के कारण उन्हें किसी दिन पैरालिसिस (लकवा) हो जाएगा। रश्मि ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही उन्होंने ऐलान किया है कि वह 30 अक्टूबर को सीधे मंत्री के आवास पर जाएंगी। महिला ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि वहां उनके साथ किसी भी तरह की अनहोनी, हिंसा या अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जवाबदेही सांसद अनिता चौहान और उनके परिजनों की होगी।
मामले के तूल पकड़ते ही कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने अपनी सफाई पेश की है। मंत्री ने महिला के साथ लंबे समय से पारिवारिक संबंध होने की बात स्वीकार की, लेकिन अपने ऊपर लगे सभी गंभीर व्यक्तिगत आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे राजनीति से प्रेरित और विरोधियों की साजिश करार दिया है। वहीं, सांसद अनिता चौहान ने भी प्रताड़ना के आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ कुछ गलत नहीं किया है। फिलहाल, 30 अक्टूबर की तारीख को लेकर पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं।