← वापस
इंदौर

कबूतर टीपी’ और अंतर्राज्यीय फर्जी टीपी नेटवर्क में नया मोड़!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
कबूतर टीपी’ और अंतर्राज्यीय फर्जी टीपी नेटवर्क में नया मोड़!

 

कथित मास्टरमाइंड अरमान को भोपाल से इंदौर लाया गया, पूछताछ के बाद मुचलके पर छोड़ा; महाराष्ट्र कनेक्शन भी सामने आया!

इंदौर। मध्यप्रदेश की सबसे चर्चित इंदौर की लकड़ी मंडी में फर्जी परिवहन अनुज्ञापत्र यानी ‘कबूतर टीपी’ और कथित अंतर्राज्यीय फर्जी टीपी नेटवर्क की जांच में नया मोड़ सामने आया है। जानकारी के अनुसार मामले में अहम कड़ी बताए जा रहे अरमान को भोपाल से इंदौर लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया। वन विभाग की कार्रवाई के बाद अब फर्जी टीपी नेटवर्क से जुड़े लोगों और उसके कथित अंतर्राज्यीय कनेक्शन की जांच आगे बढ़ने की बात कही जा रही है।

दरअसल, 21 अगस्त 2026 को राज्यस्तरीय उड़नदस्ते ने इंदौर की लकड़ी मंडी में कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे दो संदिग्ध वाहन पकड़े थे। इसके बाद कुछ आरा मशीनों को सील किया गया था। कार्रवाई के दौरान लकड़ी के परिवहन में इस्तेमाल दस्तावेजों को लेकर सवाल उठे और कथित ‘कबूतर टीपी’ नेटवर्क की चर्चा सामने आई।

रेंजर संगीता ठाकुर के अनुसार, अरमान को भोपाल से पकड़कर इंदौर लाया गया था। पूछताछ में उसने लकड़ी मंडी से जुड़े कथित दलालों के नाम बताए हैं,जो महंगे दामों पर फर्जी टीपी खरीदते थे। अधिकारी के अनुसार पूछताछ में महाराष्ट्र से जुड़े एक कथित फर्जी टीपी नेटवर्क और नईम खान का नाम भी सामने आया है। इन दावों की जांच की जा रही है।

फर्जी दस्तावेजों की जांच के लिए कोर्ट से मांगी अनुमति

रेंजर ठाकुर के मुताबिक मामला फर्जी दस्तावेजों से जुड़ा होने के कारण विभाग ने कोर्ट से पत्राचार किया है। वन विभाग ने पत्र लिखकर बीएनएस की धारा 325 के तहत जांच संबंधी अधिकार दिए जाने की मांग की है। विभाग का कहना है कि अनुमति मिलने के बाद फर्जी दस्तावेजों से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच की जा सकेगी।

अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कथित फर्जी टीपी कहां तैयार होती थीं,किन राज्यों में इनका इस्तेमाल हुआ और लकड़ी मंडी से जुड़े कौन-कौन लोग इस नेटवर्क से जुड़े हैं। विभाग की अगली कार्रवाई और पूछताछ से नेटवर्क की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

   ऐसे समझें ‘कबूतर टीपी’ का खेल

मध्यप्रदेश की चर्चित इंदौर लकड़ी मंडी में ‘कबूतर टीपी’ के खेल की चर्चा लंबे समय से होती रही है। मंडी सूत्रों के मुताबिक अवैध तरीके से काटकर लाई गई लकड़ी से भरे वाहन में मध्यप्रदेश की लकड़ी रहती थी, जबकि उसके साथ लगी टीपी तेलंगाना,गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के कई जिलों—उज्जैन, देवास, बालाघाट, सीहोर, शाजापुर, सारंगपुर सहित अन्य स्थानों—से दूसरे क्षेत्र की होती थी। यानी कागज किसी और स्थान का और लकड़ी किसी दूसरे क्षेत्र की। इसी तरह की टीपी को कथित तौर पर ‘कबूतर टीपी’ कहा जाता था।

  दावे के अनुसार, सरकारी टीपी में दस्तावेजों से हेरफेर कर कथित तौर पर फर्जी टीपी तैयार की जाती थीं। इसमें अरमान और नईम की भूमिका होने तथा इंदौर लकड़ी मंडी के 7 दलाल की संलिप्तता के आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि संबंधित लोगों को टीपी के फर्जी होने की जानकारी थी। मंडी के एक दलाल द्वारा खुद को सफेदपोश राजनेताओं का करीबी बताने और अधिकारियों के सामने राजनीतिक रसूख का हवाला देने की बात भी कही जा रही है। 

      एक ओर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आरोप है कि मध्यप्रदेश के जंगलों से काटकर लाई जा रही लकड़ी को कथित ‘कबूतर टीपी’ के जरिए दूसरे राज्यों तक पहुंचाया जा रहा है।

   वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ‘मां की बगिया’ अभियान चला रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अंतर्राज्यीय स्तर पर फर्जी टीपी के जरिए लकड़ी के परिवहन के आरोप सही पाए जाते हैं, तो इसकी जड़ तक जांच कब पहुंचेगी? क्या दोनों अभियानों का असर जमीन पर भी दिखेगा या कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रह जाएगी?

खबरें और भी हैं...