16 वाहनों की रैली से दिया स्वच्छता संदेश, ‘मां की बगिया’ में पौधारोपण; हरित गणेश उत्सव में सहयोग करने वालों को भी सम्मान
इंदौर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर से चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के समापन पर शुक्रवार को नेहरू पार्क में स्वच्छ भारत दिवस एवं स्वच्छता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक रमेश मेंदोला, प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रभारी महापौर ने स्वच्छता की शपथ दिलाई।
समारोह में अनुपयोगी सामग्री से तैयार 9 फीट ऊंची और करीब 700 किलो वजनी सफाई मित्र की आकृति का लोकार्पण किया गया। इसे सड़क सफाई मशीनों के पुराने पुर्जों, पट्टियों, पहियों, ब्रश, बेयरिंग, टायर, नट-बोल्ट और अन्य कबाड़ से तैयार किया गया है। इसके माध्यम से कचरे के पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण का संदेश दिया गया।
गांधी हॉल से नेहरू पार्क तक निगम के 16 वाहनों की रैली निकाली गई। इसके जरिए नागरिकों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। नेहरू पार्क स्थित ‘मां की बगिया’ में जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण भी किया।
समारोह में निगम के 22 सफाई मित्रों, सुरक्षा उपकरण वितरण कर्मियों और सार्वजनिक शौचालय देखरेख से जुड़े पांच कर्मचारियों सहित सहयोगी संस्थाओं का सम्मान किया गया। हरित गणेश उत्सव में पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों के लिए बालाजी समूह,एकदृष्टा सामाजिक समरसता, चाणक्यपुरी और केसरबाग के राजा को भी सम्मानित किया गया।