← वापस
इंदौर

कचरा मिला तो अफसरों पर गिरी गाज,चार कर्मचारियों का 3-3 दिन का वेतन कटेगा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
कचरा मिला तो अफसरों पर गिरी गाज,चार कर्मचारियों का 3-3 दिन का वेतन कटेगा

 

आयुक्त क्षितिज सिंघल का शहर की सड़कों और सफाई व्यवस्था पर औचक निरीक्षण; पूर्णिया कॉलोनी को आरई-2 से जोड़ने के निर्देश

  इंदौर। शहर की सफाई व्यवस्था और सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर कचरा और ग्रीन वेस्ट मिलने पर दो क्षेत्रों के सफाई अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जोन क्रमांक 10 के साईनाथ कॉलोनी क्षेत्र में गंदगी मिलने पर सीएसआई मुकेश करोसिया और प्रभारी दरोगा राकेश चौहान का तीन-तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। वहीं जोन क्रमांक 19 में सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर सीएसआई हर्षित लोधी और प्रभारी दरोगा बंटी चावरे पर भी यही कार्रवाई की गई।

    आयुक्त ने भूरी टेकरी से नायता मुंडला तक बन रही आरई-2 सड़क का निरीक्षण किया। पूर्णिया कॉलोनी को आरई-2 से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

    वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर आयुक्त ने गिट्टी-मुरम डालने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वर्ल्ड कप चौराहा, मयंक ब्ल्यू वॉटर पार्क रोड, गोयल नगर, बंगाली चौराहा और पूर्णिया कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

   बंगाली चौराहे पर यातायात सुगम बनाने के लिए बाएं मोड़ को चौड़ा करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। वहीं वंदना नगर के उद्यान की क्षतिग्रस्त चहारदीवारी और जरूरी निर्माण कार्यों के लिए प्रस्ताव बनाने को कहा गया। पुष्प नगर में नाले किनारे सुरक्षा दीवार और सड़क के ऊंचे-नीचे कक्षों को सड़क के स्तर पर करने के निर्देश भी दिए गए।

खबरें और भी हैं...