गंगवाल, राजमोहल्ला से सुपर कॉरिडोर तक ट्रैफिक डायवर्ट; सिटी बसों, बड़े वाहनों और दोपहिया-कार चालकों के लिए अलग व्यवस्था
इंदौर। शहर में रविवार,18 अक्टूबर को बड़ा गणपति से बिजासन माता मंदिर तक भव्य चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के चलते सुबह 9:30 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात प्रबंधन पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं और लोगों से यात्रा मार्ग पर जाने से बचने की अपील की है।
चुनरी यात्रा बड़ा गणपति से शुरू होकर वायरलेस चौराहा, कालानी नगर, एरोड्रम थाना, पंचशील नगर, बाबू मुराई कॉलोनी और एयरपोर्ट प्रवेश द्वार होते हुए बिजासन माता मंदिर पहुंचेगी। यात्रा का समापन मंदिर परिसर में होगा।
इन चौराहों पर बदलेगा ट्रैफिक
गंगवाल, राजमोहल्ला और नगर निगम चौराहे पर सिटी बसों व बड़े वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। महेश नगर में कार और दोपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन रहेगा। गोराकुंड, टोरी कॉर्नर,अंतिम चौराहा, कर्णावतपुरा तिराहा और बड़वाली चौकी से बड़ा गणपति की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। वहीं,60 फीट रोड, वायरलेस चौराहा, दिलीप नगर टी और सुपर कॉरिडोर चौराहे पर भी जरूरत के अनुसार यातायात बदला जाएगा।
एरोड्रम जाने वाले इस रास्ते से निकलें
एरोड्रम की ओर जाने वाले वाहन मरीमाता से किला मैदान, टाटा स्टील, 60 फीट एसएफए टर्निंग और पंचशील होते हुए पहुंच सकेंगे। चुनरी यात्रा समाप्त होने के बाद शहर में प्रवेश करने वाले वाहन छोटा बांगड़दा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और जाम व असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।