← वापस
इंदौर

कालाकुंड में बिना अनुमति एडवेंचर कैंप, प्रशासन ने म्यूजिक सिस्टम जब्त किया  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
कालाकुंड में बिना अनुमति एडवेंचर कैंप, प्रशासन ने म्यूजिक सिस्टम जब्त किया

 

महू। कालाकुंड के गुंजार गुना क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर एडवेंचर कैंप संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। 3 अक्टूबर को आरम्भ एडवेंचर द्वारा लगाए गए कैंप की सूचना मिलने पर राजस्व और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन के अनुसार कैंप संचालन से जुड़ी आवश्यक अनुमति और दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

    एसडीएम महू राकेश परमार, थाना प्रभारी कुलदीप खत्री और तहसीलदार टप्पा सिमरोल यशदीप रावत की टीम ने कैंप की जांच की। प्रशासन के मुताबिक बिजली के उपयोग, इवेंट आयोजन और कृषि भूमि पर व्यावसायिक गतिविधि के लिए जरूरी अनुमति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। कैंप जंगल से लगे क्षेत्र में संचालित हो रहा था। यहां महिलाओं और बच्चों की मौजूदगी के बीच सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी प्रशासन ने सवाल उठाए।

      जांच के दौरान स्विमिंग पूल के नाम पर लोगों को नदी तक ले जाने की बात सामने आई। प्रशासन ने इसे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना। वहीं आयोजन में शामिल लोगों की पहचान और उनके संबंधों से जुड़े रिकॉर्ड भी मौके पर उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई।

प्रशासन के अनुसार आयोजक मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। मामले में खेत मालिक प्रेमचंद जोशी निवासी इंदौर के विरुद्ध कार्रवाई की गई। मौके से म्यूजिक सिस्टम जब्त किया गया।

     कालाकुंड जैसे पर्यटन क्षेत्र में एडवेंचर गतिविधियों के बीच सुरक्षा को लेकर प्रशासन की कार्रवाई ने बिना अनुमति संचालित हो रहे आयोजनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

खबरें और भी हैं...