फर्जी प्रोफाइल बनाकर मैसेज भी भेजे; कलेक्टर ने वीडियो जारी कर किया अलर्ट, साइबर सेल में शिकायत
अलीराजपुर। जिला कलेक्टर नीतू माथुर के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाने का मामला सामने आया है। इस फर्जी आईडी से कलेक्टर के परिचितों, मित्रों और रिश्तेदारों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने के साथ मैसेज भी किए जा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
कलेक्टर नीतू माथुर ने वीडियो संदेश जारी कर बताया कि कुछ परिचितों ने उन्हें जानकारी दी कि उनके नाम से फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट और मैसेज आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी ली तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल तैयार की है।
न वित्तीय लेनदेन करें, न जवाब दें
कलेक्टर ने आमजन, मित्रों और रिश्तेदारों से कहा है कि इस फर्जी फेसबुक आईडी से कोई रिक्वेस्ट या मैसेज प्राप्त होने पर उसे स्वीकार न करें। किसी भी मैसेज का जवाब देने से बचें और किसी तरह की निजी जानकारी साझा न करें। उन्होंने विशेष रूप से लोगों को किसी भी प्रकार के वित्तीय लेनदेन से बचने की सलाह दी है।
साइबर सेल और मेटा को शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर की ओर से साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही फेसबुक (मेटा) प्रबंधन को भी लिखित सूचना भेजी गई है। उद्देश्य फर्जी अकाउंट को ब्लॉक करवाने के साथ प्रोफाइल बनाने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराना है।