सचिव,सहायक सचिव और विधायक पर प्रताड़ना के आरोप; अस्पताल में भर्ती, मामले की जांच शुरू
बुरहानपुर। कलेक्टर कार्यालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राम सीतापुर के सरपंच अमर सिंह मंडलोई ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ पी लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना से कलेक्टर कार्यालय में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
सरपंच अमर सिंह मंडलोई शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पंचायत में हुए कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के बाद उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने पंचायत सचिव तुकाराम, सहायक सचिव प्रजापति तथा नेपानगर विधायक मंजू दादू का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार सामने न आए, इसके लिए उन पर दबाव बनाया गया और जान से मारने तक की धमकियां दी गईं। इन आरोपों से आहत होकर उन्होंने कथित रूप से यह कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। वहीं, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अजय रघुवंशी ने घटना को गंभीर बताते हुए आरोप लगाया कि जिले में भ्रष्टाचार और दबाव की राजनीति के कारण जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।