दमोह। आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को दमोह जिला देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जिला मुख्यालय से लेकर सरकारी कार्यालयों और प्रमुख संस्थानों तक तिरंगा शान से लहराया। तहसील ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कलेक्टर ने चार स्थानों पर किया ध्वजारोहण
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर निवास, कलेक्ट्रेट परिसर, केंद्रीय विद्यालय दमोह और जिला केंद्रीय सहकारी बैंक में ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता-अखंडता और विकास में नागरिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। कलेक्टर ने सभी से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
सरकारी दफ्तरों में भी गूंजा राष्ट्रप्रेम
जिलेभर के शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प दोहराया।
सुबह से ही दमोह शहर में उत्साह का माहौल रहा। तिरंगे के रंगों से सजी सजावट और देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।