पटेरा में औचक निरीक्षण के दौरान मिलीं खामियां, अधिकारियों को लगाई फटकार; विद्यार्थियों से कहा- नियमित पढ़ाई करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
दमोह/पटेरा। जिले में सरकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव शनिवार को अचानक पटेरा विकासखंड पहुंच गए। उन्होंने शासकीय स्कूलों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, वहीं कुछ स्थानों पर कमियां सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सबसे पहले विद्यालयों का निरीक्षण किया। कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पढ़ाई और पाठ्यक्रम की जानकारी ली तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, रसोई की साफ-सफाई और भोजन वितरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर स्कूल प्रभारियों को तत्काल सुधार करने और व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटेरा पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दिए जा रहे पोषण आहार, रिकॉर्ड संधारण और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निरीक्षण में मिली कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।