← वापस
मध्यप्रदेश

कलेक्टर पवन जैन की सख्ती: एक साल से अधूरे पड़े विकास कार्यों पर 8 इंजीनियरों को नोटिस, दो दिन में मांगा जवाब!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
कलेक्टर पवन जैन की सख्ती: एक साल से अधूरे पड़े विकास कार्यों पर 8 इंजीनियरों को नोटिस, दो दिन में मांगा जवाब!

 

खेल मैदान, गौशाला, सड़क और सामुदायिक भवनों के निर्माण में देरी पर कार्रवाई; गुणवत्ता रिपोर्ट के साथ जवाब नहीं देने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

भिण्ड। जिले में सरकारी विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर कलेक्टर पवन जैन ने सख्त रुख अपनाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान, गौशाला, सड़क और सामुदायिक भवन जैसे महत्वपूर्ण कार्य एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी पूरे नहीं होने पर 3 सहायक यंत्रियों और 5 उपयंत्रियों सहित कुल 8 अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

  जिन्हें नोटिस दिए गए हैं,उनमें सहायक यंत्री डीके शर्मा (मेहगांव), राहुल कुशवाह (लहार) और कपिल तोमर (अटेर) शामिल हैं। वहीं उपयंत्री धर्मेन्द्र दुबे, मनोज अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, उत्कर्ष दोनेरिया और अनूप मुद्गल को भी जवाब तलब किया गया है।

जांच में सामने आया कि अकलोनी और भदाकुर के ग्रामीण खेल मैदान, मछण्ड और मिहोना की गौशालाएं, नयागांव, जामपुरा और खादरगऊघाट के सामुदायिक भवन तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में सड़क निर्माण के काम लंबे समय से अधूरे हैं। कई कार्य वर्ष 2023-24 में स्वीकृत हुए थे, लेकिन अब तक पूरे नहीं हो सके।

कलेक्टर ने इसे शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना मानते हुए जवाब मांगा है। सहायक यंत्रियों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन और उपयंत्रियों को संविदा सेवा शर्तों के उल्लंघन के संबंध में नोटिस दिया गया है।

सभी संबंधितों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट सहित दो दिन में स्वयं उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर वरिष्ठ कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

खबरें और भी हैं...