← वापस
इंदौर

कलेक्टर शिवम वर्मा का एक्शन: 8 तहसीलदारों को नोटिस, 2 की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
कलेक्टर शिवम वर्मा का एक्शन: 8 तहसीलदारों को नोटिस, 2 की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश!

 

स्वामित्व रजिस्ट्री और नामांतरण में देरी पर सख्ती, सीएम हेल्पलाइन के मामलों में लापरवाही पड़ी भारी

इंदौर। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने सख्ती दिखाई है। स्वामित्व रजिस्ट्री में देरी, अविवादित नामांतरण के प्रकरण लंबित रखने और समय-सीमा में काम नहीं करने पर जिले के 8 तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में खराब प्रदर्शन पर दो तहसीलदारों की दो-दो दिन की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

शनिवार को कलेक्टोरेट में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर वर्मा ने लंबित प्रकरणों की अधिकारीवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण और भू-आवंटन सहित सभी राजस्व मामलों का निराकरण समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। अविवादित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने और विवादित मामलों में नियमानुसार समय पर निर्णय लेने पर जोर दिया।

      सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। गलत निराकरण दर्ज करने या आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

    कलेक्टर ने राजस्व अभिलेखों की त्रुटियां दूर करने, राजस्व वसूली में तेजी लाने और न्यायालयों में लंबित मामलों में शासन का पक्ष समय पर मजबूती से रखने के निर्देश भी दिए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

     बैठक में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य, संयुक्त कलेक्टर श्रुति अग्रवाल सहित अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...