इंदौर। पटाखों के भंडारण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और आने-जाने के रास्ते में बाधा डालना लाइसेंसधारी को भारी पड़ गया। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा ने किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पिगडंबर में पटाखा लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। जांच में अग्निशमन वाहन की आवाजाही बाधित होने और विस्फोटक नियमों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई थी।
प्राप्त जांच प्रतिवेदन के अनुसार, ग्राम पिगडंबर में सर्वे नंबर 350 स्थित जितेश पिता मोहनलाल बांगेचा के पटाखा भंडारण परिसर में सुरक्षा इंतजामों की कमी पाई गई। मुख्य मार्ग से करीब 250 फीट अंदर स्थित परिसर तक पहुंचने वाले गलीनुमा रास्ते में पटाखा सामग्री रखी गई थी। इससे सामान्य आवागमन बाधित होने के साथ अग्निशमन वाहन के आने-जाने में भी परेशानी की स्थिति बन रही थी।
जांच में विस्फोटक नियम-2008 के प्रावधानों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन सामने आने पर कलेक्टर ने नियम-118 के तहत लाइसेंस निरस्त करने का आदेश जारी किया। साथ ही परिसर में रखी पटाखा सामग्री को दो दिन के भीतर नियमानुसार हटाने और उसका निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि पटाखों के भंडारण और विक्रय में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य है। प्रशासन की इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा व्यवस्था और लाइसेंस की शर्तों का पालन करने का स्पष्ट संदेश दिया गया है।