इंदौर। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही अब अधिकारियों-कर्मचारियों पर भारी पड़ेगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने सोमवार को टीएल बैठक में शिकायतों की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर पांच अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इनमें तीन पर अर्थदंड, एक लेखापाल का निलंबन और स्कूल प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई शामिल है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए बंद नहीं किया जाए। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान होना चाहिए। उन्होंने 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
पानी-बिजली की शिकायत में 5-5 हजार का जुर्माना
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के पांच प्रकरणों का रेंडम चयन कर उनकी स्थिति की समीक्षा की। पेयजल संबंधी शिकायत के निराकरण में लापरवाही पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सब इंजीनियर आकाश ऐरवाल पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। वहीं बिजली कनेक्शन संबंधी शिकायत में लापरवाही पर ऊर्जा विभाग के सहायक यंत्री राहुल सिंह चंदेल पर भी 5 हजार रुपए का जुर्माना किया गया।
लेखापाल निलंबित, प्राचार्य को नोटिस
स्कूल शिक्षा विभाग के मामले में नियुक्ति दिनांक गलत दर्ज करने और स्वत्वों का भुगतान समय पर नहीं करने पर लेखापाल मुकुंद जमरा को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्कूल की प्राचार्य शबाना शेख को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। प्रसूति सहायता योजना से जुड़ी शिकायत के निराकरण में लापरवाही पर विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके सिसोदिया पर 2 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया।
जल संरक्षण और रोजगार पर भी फोकस
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जल स्रोतों की साफ-सफाई, गहरीकरण, संरक्षण और पुनर्जीवन के काम तेज करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने और जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
उद्योग विहीन ग्राम पंचायतों में स्थानीय संसाधनों और युवाओं की संभावनाओं के अनुसार रोजगारपरक उद्योग शुरू कराने की योजना की भी समीक्षा हुई। इसके अलावा बेसमेंट का उपयोग अनिवार्य रूप से पार्किंग के लिए सुनिश्चित कराने और नियम तोड़ने वाले भवनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में आईडीए सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य, नगर निगम अपर आयुक्त प्रखर सिंह व श्रृंगार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।