ढाई एकड़ सरकारी जमीन और नाला अतिक्रमण से मुक्त
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर प्रशासन ने सोमवार को ग्राम मुंडलानायता में शासकीय भूमि पर वर्षों से जमे अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ढाई एकड़ सरकारी जमीन और नाले को कब्जे से मुक्त कराया। राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर टीन शेड, बाउंड्री वॉल सहित अन्य अवैध निर्माणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान सरकारी नाले पर किए गए कब्जे को भी पूरी तरह हटाकर उसका मूल स्वरूप बहाल किया गया।

यह अभियान ग्राम मुंडलानायता की शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक-28 (रकबा 0.560 हेक्टेयर) पर चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम घनश्याम धनगर ने किया। नायब तहसीलदार अशोक परमार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, नगर निगम का अमला और पुलिस बल पूरे अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहा। भारी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।

प्रशासन के मुताबिक संबंधित भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। प्रारंभिक आकलन में करीब ढाई एकड़ शासकीय भूमि पर अतिक्रमण सामने आया है। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी नाले पर हुए अतिक्रमण के कारण जल निकासी भी प्रभावित हो रही थी, जिसे हटाकर रास्ता पूरी तरह साफ कराया गया।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिले में सरकारी जमीन और सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।