← वापस
इंदौर

कलेक्टर शिवम वर्मा की पहल: अब सरकारी सेवाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं,   

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
कलेक्टर शिवम वर्मा की पहल: अब सरकारी सेवाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं, 

 

WhatsApp पर एक चैट में 41 सेवाएं

इंदौर। सरकारी सेवाओं की जानकारी के लिए अब लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर जिला प्रशासन ने AI चैटबॉट और WhatsApp सेवा शुरू की है। इस डिजिटल पहल को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। शुरुआती दौर में करीब 1,200 लोग इससे जुड़े थे, अब सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या बढ़कर 6,897 हो गई है। उपलब्ध सेवाओं का अब तक 1,055 बार उपयोग किया जा चुका है।

9407035437 पर मैसेज, एक ही प्लेटफॉर्म पर सेवाओं की जानकारी

नागरिक WhatsApp नंबर 9407035437 पर संपर्क कर शासकीय सेवाओं की जानकारी ले सकते हैं। फिलहाल चैटबॉट पर 41 सेवाएं उपलब्ध हैं। इससे लोगों को संबंधित कार्यालय, प्रक्रिया और सेवाओं से जुड़ी जानकारी डिजिटल माध्यम से आसानी से मिल सकेगी। प्रशासन का मानना है कि इससे समय की बचत होगी और सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

     जल्द जुड़ेंगी कई नई सेवाएं

जिला प्रशासन चैटबॉट का दायरा और बढ़ाने की तैयारी में है। अगले चरण में दुकान-संस्थान स्थापना का पंजीयन, भू-अधिकार पुस्तिका का प्रथम बार प्रदाय, संबल 2.0 योजना में पंजीयन, नगरीय एवं ग्रामीण निकाय मतदाता सूची की सत्य प्रतिलिपि, रोजगार कार्यालय में पंजीयन एवं नवीनीकरण और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत डुप्लीकेट पात्रता पर्ची जैसी सेवाएं भी जोड़ी जाएंगी।

     डिजिटल सुशासन को मिलेगी रफ्तार

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में शुरू हुई यह व्यवस्था प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। AI चैटबॉट के जरिए सरकारी सेवाओं की जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध होने से डिजिटल सुशासन को नई गति मिलेगी। यह चैटबॉट ई-सॉफ्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई ने कोटक महिंद्रा बैंक के सौजन्य से तैयार किया है।

खबरें और भी हैं...