← वापस
इंदौर

कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिखाई हरी झंडी, तिरंगे के साथ निकली कर्मचारियों की विशाल यात्रा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिखाई हरी झंडी, तिरंगे के साथ निकली कर्मचारियों की विशाल यात्रा

 

भारत माता और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा इंदौर; कलेक्टर ने कर्मचारियों का बढ़ाया उत्साह

      इंदौर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत इंदौर में शासकीय कर्मचारियों की विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति की मौजूदगी में कलेक्टर कार्यालय से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा महू नाका स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा तक पहुंची।

     यात्रा में सैकड़ों शासकीय कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष गूंजते रहे। कई महिला और पुरुष कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य कर यात्रा में उत्साह भर दिया।

    यात्रा रवाना होने से पहले कलेक्टर शिवम वर्मा और सीईओ हिमांशु प्रजापति का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। पवन शर्मा, प्रवीण यादव, कमलेश सिंह और संदीप धौलपुरे सहित अन्य कर्मचारियों ने अधिकारियों का स्वागत किया। कलेक्टर वर्मा ने स्वयं कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगवाए।

    कलेक्टर की अगुवाई में दिखा देशभक्ति का उत्साह

    यात्रा में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य भी शामिल हुए। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष चैनसिंह यादव, जीएसआईटीएस कर्मचारी संघ अध्यक्ष पूरण कैथवास, अजाक्स जिला अध्यक्ष कमल मिमरोट सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।

     यात्रा के संयोजक हरीश बोयत और रमेश यादव ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना था। कलेक्टर शिवम वर्मा की मौजूदगी में निकली यात्रा में कर्मचारियों ने तिरंगा लहराकर एकता, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।

खबरें और भी हैं...