← वापस
इंदौर

कैलाश विजयवर्गीय बोले- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई देश की लड़ाई, अराजकता फैलाने वालों को पदयात्रा से जवाब दें!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
कैलाश विजयवर्गीय बोले- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई देश की लड़ाई, अराजकता फैलाने वालों को पदयात्रा से जवाब दें!

 

30 अक्टूबर को इंदौर में निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा; भाजपा ने व्यापारियों और उद्योगपतियों से किया संवाद, राष्ट्र प्रथम के भाव से शामिल होने की अपील

इंदौर। ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भाजपा ने व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ संवाद कर 30 अक्टूबर को प्रस्तावित पदयात्रा में शामिल होने की अपील की। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई पूरे देश की लड़ाई है। देश को आगे बढ़ते देखना चाहते हैं, तो अराजकता फैलाने वाले तत्वों को जवाब देने के लिए लोगों को सड़क पर उतरना होगा। वहीं, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने व्यापारियों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।

व्यापारियों के साथ हुई बैठक में विधायक गोलू शुक्ला, व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक धीरज खंडेलवाल, इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल, सियागंज व्यापारी एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल, एडवोकेट राजेश खंडेलवाल और वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष अशोक खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

‘विकसित भारत के लिए अराजकता के खिलाफ उतरना होगा’

विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में एसआईआर, कथित घुसपैठ और देश में अराजकता के मुद्दे उठाते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अस्थिरता फैलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा के लिए देश से प्रेम करने वाले लोगों को आगे आना चाहिए। उनके मुताबिक, 2014 के बाद देश में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और रक्षा क्षेत्र में विकास हुआ है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं और भारत में दवाइयों तथा रक्षा उपकरणों के निर्माण को देश की प्रगति का उदाहरण बताया।

मंत्री ने कहा कि दुनिया में भारत की बढ़ती ताकत से कई हित प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में अराजकता फैलाने के प्रयासों के पीछे ऐसे ही हित काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से इन मुद्दों पर चिंतन करने और पदयात्रा में भागीदारी करने की अपील की। विजयवर्गीय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वर्ष 2014 से पहले और वर्तमान भारत की स्थिति के बीच अंतर भी बताया।

   सुमित मिश्रा बोले- राष्ट्र प्रथम की भावना से आएं व्यापारी

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि पदयात्रा 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सुभाष नगर चौराहे पर स्वर्गीय पार्षद राजेश जोशी की प्रतिमा से शुरू होकर एलआईजी चौराहे तक निकाली जाएगी। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से अपने पदाधिकारियों के साथ बैनर लेकर शामिल होने की अपील की। मिश्रा ने कांग्रेस पर झूठ के जरिए देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ व्यापारी आगे आएंगे, तो अराजकता के खिलाफ एकजुटता मजबूत होगी। उन्होंने इसे देशसेवा का अवसर बताते हुए विकसित भारत के संकल्प के साथ खड़े होने का आह्वान किया।

       व्यापारियों ने भी रखी अपनी बात

इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं को भटकाकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। वहीं, सियागंज व्यापारी एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल ने दिल्ली में प्रस्तावित रैली से व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली देशभर में माल की आपूर्ति का प्रमुख केंद्र है और वहां कारोबार प्रभावित होने का असर अन्य बाजारों पर भी पड़ सकता है। उन्होंने राहुल गांधी के प्रयासों की आलोचना करते हुए कहा कि व्यापारी ऐसे कदमों का विरोध करेंगे।

बैठक का संचालन नितिन माहेश्वरी ने किया, जबकि धीरज खंडेलवाल ने आभार माना। अशोक खंडेलवाल ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, अहिल्या चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज, पालदा औद्योगिक संगठन, सियागंज होलसेल किराना मर्चेंट एसोसिएशन और अन्य व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

      विधानसभा क्षेत्रों में भी हुईं बैठकें

पदयात्रा की तैयारियों को लेकर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 में विधायक रमेश मेंदोला और एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 में महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक महेंद्र हार्डिया तथा राऊ विधानसभा क्षेत्र में विधायक मधु वर्मा की उपस्थिति में बैठकें हुईं। भाजपा कार्यालय में बंगाली समाज के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। पार्टी इन बैठकों के जरिए विभिन्न समाजों, व्यापारिक संगठनों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में जुटी है।

खबरें और भी हैं...