तीन हत्याओं और तीन हत्या के प्रयास के आरोपी सादिक गुलफाम समेत 10 शातिर अपराधियों पर शिकंजा, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को शहर से किया बाहर
इंदौर। शहर में अपराधियों के खिलाफ इंदौर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हत्याओं और तीन हत्या के प्रयास सहित गंभीर मामलों में आरोपी कुख्यात बदमाश सादिक गुलफाम समेत 7 शातिर अपराधियों को जिलाबदर कर दिया। वहीं 3 अन्य आदतन बदमाशों पर निर्बंधन आदेश जारी कर उन्हें निर्धारित अवधि तक संबंधित थाने में नियमित हाजिरी देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार सभी बदमाशों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, लूट, अवैध वसूली, धमकी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद इनकी आपराधिक गतिविधियां लगातार जारी थीं, जिससे क्षेत्र की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नर ने सादिक गुलफाम, मोहम्मद अयाज, फैजल उर्फ कालू शाह,फारुख उर्फ लंबू,कारण उर्फ कन्नू,गणेश परमार उर्फ पटेल तथा किशोर उर्फ कुणाल को निर्धारित अवधि के लिए इंदौर शहर, ग्रामीण क्षेत्र और सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमा से बाहर रहने के आदेश जारी किए हैं।
इसके अलावा मनीष उर्फ चिकना,लोकेश चौहान और नीलेश पंवार पर निर्बंधन आदेश लागू किए गए हैं। इन बदमाशों को तय समय पर संबंधित थाने में हाजिरी देना होगी तथा किसी भी अवैध गतिविधि या लोकशांति भंग करने वाली हरकत से दूर रहना होगा।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की किसी भी शर्त का उल्लंघन करने पर संबंधित बदमाशों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नर कहा कि शहर में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।