मार्च पास्ट से दिया देशभक्ति का संदेश, कमिश्नर बोले- हर घर पर गर्व से फहराएं तिरंगा
इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शुक्रवार को इंदौर पुलिस ने शहर में भव्य तिरंगा बाइक रैली और मार्च पास्ट निकाला। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह की अगुवाई में निकली रैली में 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी,थाना प्रभारी और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकली रैली ने शहर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस कमिश्नर कार्यालय पलासिया से हुई। कमिश्नर संतोष कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने तिरंगा मार्च पास्ट कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद कमिश्नर ने बाइक रैली को रवाना किया और शहरवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
रैली पलासिया से घंटाघर चौराहा, रीगल चौराहा, राजवाड़ा, मधुमिलन चौराहा और व्हाइट चर्च होते हुए वापस पलासिया पहुंची। पुलिसकर्मियों ने वाहनों पर तिरंगा लगाकर और हाथों में राष्ट्रध्वज थामकर पूरे उत्साह से सहभागिता की।
कमिश्नर ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान, राष्ट्रीय स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। हर नागरिक को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सहभागी बनकर राष्ट्र के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करना चाहिए।