योगेश गुप्ता बोले- बिना तथ्यों के भ्रष्टाचार के आरोप, 62 लाख लोगों को मिलेगा पानी और लाखों हेक्टेयर खेतों को सिंचाई का लाभ
भोपाल। मध्य प्रदेश की महत्वाकांक्षी केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस द्वारा परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस विकास कार्यों को राजनीतिक रंग देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आरोपों पर बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता योगेश गुप्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास आरोपों के समर्थन में कोई ठोस तथ्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के लंबे शासनकाल में भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा रहा, वही आज प्रदेश की सबसे बड़ी विकास परियोजनाओं पर सवाल खड़े कर रही है। जनता अब इस तरह की राजनीति को समझ चुकी है।
योगेश गुप्ता ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना केंद्र सरकार की स्वीकृति और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सतत प्रयासों का परिणाम है। यह केवल एक जल परियोजना नहीं, बल्कि बुंदेलखंड और आसपास के क्षेत्रों की तस्वीर बदलने वाली योजना है।
बीजेपी के अनुसार, परियोजना से प्रदेश के 10 से 12 जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। करीब 62 लाख लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, 103 मेगावाट से अधिक बिजली का उत्पादन होगा और 6.5 लाख हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। पार्टी का दावा है कि इससे जल संकट कम होगा, कृषि उत्पादन बढ़ेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।