बिशनखेड़ा में लगे शिविर में नामांतरण से लेकर सीमांकन तक के प्रकरण निपटाए; गुरु पूर्णिमा पर शिक्षक-विद्यार्थियों का सम्मान, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में आयोजित किए जा रहे राजस्व शिविरों की श्रृंखला में बुधवार को कनाड़िया तहसील के बिशनखेड़ा क्षेत्र में शिविर लगाया गया। शिविर में आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए कुल 93 प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
राजस्व निरीक्षक तेज सिंह सोलंकी ने बताया कि शिविर में 80 नामांतरण, 3 बंटांकन, 1 बंटवारा, 3 सीमांकन तथा 4 अभिलेख सुधार के मामलों का निपटारा किया गया। निराकृत प्रकरणों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी हितग्राहियों को मौके पर ही उपलब्ध कराए गए।
शिविर के दौरान ग्राम बिशनखेड़ा के शासकीय मंदिर में रिक्त पुजारी पद तथा ग्राम खाती पिपलिया के रिक्त कोटवार पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इससे दोनों गांवों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बिशनखेड़ा माध्यमिक विद्यालय के पांच शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न कक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
शिविर में अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, जनपद पंचायत इंदौर के अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसोदिया, तहसीलदार नारायण नांदेडा, नायब तहसीलदार पूजा नागवंशी, सरपंच निर्मला मेहरबान सिंह चौहान सहित राजस्व विभाग के अधिकारी, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, कोटवार और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत आश्रम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।