महापौर की बैठक के अगले दिन ही एक्शन; क्रोमा पर ₹5 हजार और 7 स्टेप गार्डन के सामने ₹2 हजार का चालान
इंदौर। शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की बैठक के अगले ही दिन निगम की टीमें मैदान में उतरीं और दो स्थानों पर अनावश्यक रूप से पानी बहाने पर कुल 7 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। कार्रवाई के साथ संबंधित लोगों को पानी का जिम्मेदारी से उपयोग करने की समझाइश भी दी गई।
पहली कार्रवाई जोन क्रमांक 15 के वार्ड 71 में रणजीत हनुमान रोड स्थित क्रोमा शोरूम के बाहर की गई। यहां पानी व्यर्थ बहता मिलने पर निगम ने 5 हजार रुपए का चालान बनाया। आयुक्त के निर्देश पर सीएसआई पंकज धौलपुरे की टीम ने कार्रवाई करते हुए भविष्य में पानी की बर्बादी नहीं करने की हिदायत दी।
वहीं, दूसरी कार्रवाई जोन क्रमांक 21 के वार्ड 79 में आरआर कैट रोड स्थित 7 स्टेप गार्डन के सामने हुई। यहां पानी की बर्बादी पर 2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। सीएसआई मनीष सिंह और सहायक सीएसआई रवि सिंह ने टीम बेसिक्स की मौजूदगी में कार्रवाई की।
बैठक के बाद मैदान में उतरा अमला
नगर निगम का जोर अब जल संरक्षण के नियमों का पालन कराने पर है। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को पानी की अहमियत समझाना और अनावश्यक बहाव रोकना है। निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पेयजल की बर्बादी मिलने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि पानी का उपयोग जरूरत के अनुसार करें और इसके संरक्षण में सहयोग दें। निगम की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।