543 दवा ब्रांड-पैक की कीमतों में बदलाव; 397 के दाम घटे, 217 दवाएं आधी से भी कम कीमत पर मिलेंगी, 9 नवंबर से लागू होंगी नई दरें
नई दिल्ली। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महंगी दवाओं की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) के फैसले से कैंसर मरीजों को इलाज के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है। देश में कैंसर की 543 दवा ब्रांड और पैक की कीमतों में बदलाव किया गया है। इनमें 397 यानी करीब 73 प्रतिशत दवाओं के दाम कम किए गए हैं। नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी।
कीमतों में कटौती का सबसे बड़ा उदाहरण एक कैंसर इंजेक्शन है, जिसकी कीमत 80,071 रुपए से घटाकर 7,150 रुपए कर दी गई है। यानी मरीजों को इस इंजेक्शन के लिए अब करीब 72,921 रुपए कम चुकाने होंगे। इसी तरह 21 कैप्सूल वाले एक दवा पैक की कीमत 40,421 रुपए से घटाकर 2,720 रुपए कर दी गई है।
एनपीपीए के आंकड़ों के मुताबिक, 217 दवाओं की कीमत आधे से भी कम रह गई है, जबकि 97 ब्रांड की दवाओं के दाम 70 प्रतिशत से अधिक घटाए गए हैं। पांच दवाओं की कीमतों में 90 प्रतिशत तक कटौती हुई है। हालांकि, 146 ब्रांड और पैक की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दवाओं की कीमतों पर नियंत्रण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को एनपीपीए से सवाल किया था। इसके बाद कंपनियों ने संशोधित कीमतें जारी की हैं। सरकार ने 137 एंटी-कैंसर दवाओं के व्यापारिक मार्जिन को भी अधिकतम 30 प्रतिशत तक सीमित किया है।
हालांकि,सभी महंगी दवाओं के दाम नहीं घटे हैं, लेकिन इस फैसले से बड़ी संख्या में कैंसर मरीजों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।