← वापस
धार

क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाना पड़ा भारी, 18 पिकअप पर कार्रवाई  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाना पड़ा भारी, 18 पिकअप पर कार्रवाई

 

15,500 रुपए जुर्माना वसूला, 4 वाहन जब्त; ओवरलोड सवारी वाले चालकों के लाइसेंस निलंबन की तैयारी

धार। पिकअप वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और परिवहन नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ परिवहन व यातायात विभाग ने मंगलवार को संयुक्त जांच अभियान चलाया। लुन्हेरा फाटा और मांगोद क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान 18 पिकअप वाहन नियम विरुद्ध संचालित पाए गए। इनसे कुल 15,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया, जबकि 4 वाहनों को जब्त किया गया।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर हुई कार्रवाई में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव, यातायात थाना प्रभारी प्रेमसिंह ठाकुर, यातायात रक्षित निरीक्षक राहुल सिंह चन्देले, परिवहन उप निरीक्षक दिव्या पाटीदार सहित विभागीय टीम शामिल रही।

जांच के दौरान तीन पिकअप वाहनों को अमझेरा थाने में और एक वाहन को परिवहन कार्यालय परिसर में निराकरण होने तक जब्त कर खड़ा कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिन पिकअप वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी मिली है, उनके चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है।

क्षमता से ज्यादा सवारी नहीं बैठाने की हिदायत

अभियान के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और परिवहन नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन दोहराने पर संबंधित वाहन के पंजीयन के निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है। विभाग ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।

खबरें और भी हैं...