कटनी। जिले में नकली गुटका बनाने के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। माधवनगर थाना पुलिस ने बंगला लाइन क्षेत्र में संचालित एक कथित नकली गुटका फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में तैयार माल, गुटका बनाने की मशीन और पैकिंग सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, माधवनगर थाना क्षेत्र के बंगला लाइन स्थित अजंता स्टूडियो के पास मकान नंबर-9 में दबिश दी गई। यहां नीलेश पाहूजा के मकान में कथित रूप से प्रसिद्ध 'लहर' ब्रांड के नाम से नकली गुटका तैयार कर उसकी पैकिंग की जा रही थी। मौके से तैयार गुटके से भरे कई बोरे, पैकिंग सामग्री और निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी नीलेश पाहूजा को गिरफ्तार कर जब्त सामग्री अपने कब्जे में ले ली। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि नकली गुटके की सप्लाई किन-किन जिलों और बाजारों में की जा रही थी तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकली तंबाकू और खाद्य उत्पादों के अवैध कारोबार पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कितने लोगों का संगठित गिरोह सक्रिय था।