← वापस
धार

क्या आरोपियों का जुलूस निकालेगी धार पुलिस? अनंत चतुर्थी के बाद विवादों का हिसाब

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
क्या आरोपियों का जुलूस निकालेगी धार पुलिस? अनंत चतुर्थी के बाद विवादों का हिसाब

5 से ज्यादा केस दर्ज, आस्था के पर्व पर मारपीट-हमलों से मचा हड़कंप

धार। शहर में आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई अनंत चतुर्थी का पर्व इस बार विवादों के कारण भी चर्चा में रहा। गणपति विसर्जन और चल समारोह के दौरान सामने आई अलग-अलग घटनाओं को लेकर थाना कोतवाली में 5 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। पर्व के दौरान जहां एक ओर श्रद्धालु भगवान गणेश को विदाई देने उमड़े, वहीं दूसरी ओर विवाद, मारपीट और अन्य घटनाओं ने आयोजन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

अनंत चतुर्थी के मौके पर शहर में देर रात तक जुलूस और झांकियों का दौर चलता रहा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति बनी। इसके बाद संबंधित पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पर्व के दौरान विवादों के मामले सामने आने से पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में रही। एक ओर प्रशासन शांतिपूर्ण आयोजन के दावे कर रहा था, वहीं दूसरी ओर पर्व समाप्त होने के बाद कोतवाली में दर्ज हुए मामलों ने व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को लेकर चर्चा छेड़ दी है। हालांकि पुलिस द्वारा दर्ज मामलों में जांच के बाद ही घटनाओं की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

केस एक: पुरानी रंजिश में युवक के सीने पर धारदार हथियार से हमला

नरसिंह चौपाटी पर अनंत चतुर्दशी की दरमियानी रात पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया। घटना 26 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे की बताई गई है। पौ चौपाटी निवासी 23 वर्षीय गोलू पिता रामकृष्ण वर्मा के साथ चार युवकों ने विवाद किया। आरोप है कि गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के बाद उसके सीने के दाईं ओर तलवार जैसे धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया। फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने क्वीन्स पार्क कॉलोनी निवासी हनी जोशी, लालबाई मंदिर गवलीवाड़ा निवासी रितिक उर्फ बड़ा पाल, साईं मंदिर क्षेत्र निवासी गौरव सितोले और अंकित पाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

केस दो: घर में घुसकर तीन लोगों से मारपीट और धमकी का आरोप

बड़ा गवलीवाड़ा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मनोहर पिता यादवराव शिवले (45) ने शिकायत में बताया कि सन्नी मराठा निवासी खारी बावड़ी और उसका साथी घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने मनोहर, उसकी बहू ईशिका और पत्नी परिणिता के साथ गाली-गलौज की। मनोहर और ईशिका के साथ मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

केस तीन: पहले चौराहे पर सरिए से हमला, फिर घर पहुंचकर महिलाओं से धक्का-मुक्की

नालछा दरवाजा क्षेत्र में एक ही परिवार से जुड़ी दो घटनाओं में मारपीट और धमकी के आरोप लगे हैं। पुलिस के अनुसार 26 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे यश बाबर को पुराने विवाद को लेकर विशाल ठाकुर, अज्जु माइकल और लखन पांचाल ने रोका। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर मारपीट कर लोहे के सरिए से हमला किया गया। चेहरे, नाक, गले, कंधे और हथेली पर चोटें आईं। साथी अतुल डावर ने बीच-बचाव किया।

इसके 10 से 15 मिनट बाद आरोपियों के घर पहुंचकर विवाद करने का दूसरा मामला सामने आया। शिकायत के अनुसार मयूर शिवले, विशालसिंह ठाकुर, अज्जु माइकल और शरद मोहिते ने यश की बहन कुनिका, चित्रांशी और मां अर्चना से धक्का-मुक्की व अभद्रता की। वीडियो बनाने के प्रयास में मोबाइल छीनने की कोशिश और भाई को जान से मारने की धमकी का आरोप भी लगाया गया है। दोनों शिकायतों पर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

केस चार: रासमंडल में विवाद रोकने पहुंचे युवक पर लोहे की बनेटी से हमला

रासमंडल में झगड़ा रोकने पहुंचे अनुराग पिता सुभाष बोरासी (25) पर लोहे की बनेटी से हमला करने का मामला सामने आया। अनुराग के अनुसार मित्र जयंत के विवाद की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि सूर्या उर्फ भय्यू और उसके साथी से विवाद रोकने की बात कहने पर सूर्या ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लोहे की बनेटी से सिर पर हमला कर दिया। सिर से खून निकलने के साथ कंधे और आंख पर भी चोट आई। जिला अस्पताल में उपचार के बाद शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

अनंत चतुर्थी जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में हजारों लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में विवादों के सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था और आयोजकों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब नजर इस बात पर है कि दर्ज मामलों में पुलिस की अगली कार्रवाई क्या रहती है।

खबरें और भी हैं...