इंदौर। एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए उज्जैन के खाचरौद से दो सह-आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को राजकुमार मिल क्षेत्र में 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए साकिर और मोहम्मद अली से पूछताछ तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह बैकवर्ड लिंक सामने आया। इसके बाद टीम ने खाचरौद में दबिश देकर फहीम खान और शेख खान को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक,दोनों आरोपियों ने पूछताछ में एमडी ड्रग्स खाचरौद से मिलने की जानकारी दी थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उनकी तलाश शुरू की। दोनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 भी जोड़ी गई है।
ड्राइवर और पत्थर लगाने का काम करते हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी फहीम सातवीं तक पढ़ा है और ड्राइवर का काम करता है, जबकि शेख पांचवीं तक शिक्षित है और पत्थर लगाने का काम करता है। पुलिस अब दोनों से ड्रग्स के मुख्य स्रोत,सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
2.20 लाख का माल पहले हो चुका जब्त
इस प्रकरण में पुलिस ने पहले साकिर और मोहम्मद अली से 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपए है, और करीब 1 लाख रुपए कीमत की बजाज पल्सर बाइक जब्त की थी। कुल जब्ती करीब 2.20 लाख रुपए बताई गई है।
72 मामलों में 156 आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 72 मामलों में 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में 3.065 किलो एमडी, 28.338 किलो गांजा, 500 किलो भांग, 346.22 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 3.89 करोड़ रुपए मूल्य का मादक पदार्थ व वाहन जब्त किए गए हैं।