अहीरखेड़ी में 5 हजार वर्गफीट जमीन पर चल रहा था निर्माण; जेसीबी-पोकलेन से चार निर्माण जमींदोज, आयुक्त सिंघल के निर्देश पर कार्रवाई
इंदौर। शहर में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने और अवैध निर्माण करने वालों पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को जोन-21 के वार्ड-79 स्थित अहीरखेड़ी में निगम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार निर्माणाधीन भवनों को जमींदोज कर दिया। करीब 5 हजार वर्गफीट क्षेत्र में खाली मैदान पर अलग-अलग भवनों का निर्माण किया जा रहा था।
निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर हुई कार्रवाई में कॉलोनी सेल और भवन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद अवैध निर्माणों पर जेसीबी और पोकलेन मशीनें चलाकर चारों भवनों को हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी देर तक निगम का अमला तैनात रहा।
चार अलग-अलग निर्माणों पर चला निगम का पंजा
निगम अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई की जद में राम परमार, पंकज पंवार, सोनू जायसवाल और गगन परिहार के अलग-अलग निर्माण आए। अधिकारियों का कहना है कि ये निर्माण बिना वैध अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनी का हिस्सा थे। निगम ने निर्माणकर्ताओं को नियमों के अनुरूप अनुमति लेने की हिदायत भी दी है।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनी सेल सहायक यंत्री टीना सिसोदिया, भवन अधिकारी प्रभात तिवारी, भवन निरीक्षक विशाल सिंह, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित निगम का रिमूवल अमला मौजूद रहा।
शुरुआत में ही रोकेंगे अवैध कॉलोनियां
निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम का जोर ऐसे निर्माणों को शुरुआती स्तर पर ही रोकने पर है, ताकि बाद में प्लॉट खरीदने वाले लोगों को कानूनी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना न करना पड़े।