1908 में सती फाल से हुई शुरुआत, 1952 से जगदंबा चौक में हो रहा आयोजन; 10 दिन तक पूजा-अर्चना, आरती और महाप्रसाद का दौर
खामगांव। महाराष्ट्र के खामगांव में प्रसिद्ध श्री जगदंबा देवी (मोठी देवी) का सार्वजनिक उत्सव 25 अक्टूबर 2026, कोजागिरी पूर्णिमा से शुरू हो रहा है। दस दिवसीय यह उत्सव 3 नवंबर को विसर्जन के साथ संपन्न होगा। खामगांव से शुरू हुई इस परंपरा में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। उत्सव के दौरान माता की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है। प्रतिदिन सुबह 7:30 और रात 8:30 बजे मंगल वाद्ययंत्रों के साथ पांच आरतियां होती हैं। दर्शन, पूजा-अर्चना, भजन, जयकारों और महाप्रसाद से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठता है।
1908 में शुरू हुई थी परंपरा
मोठी देवी उत्सव का इतिहास बोधन से खामगांव तक जुड़ा है। मान्यता और प्रचलित इतिहास के अनुसार, नांदेड़ जिले के लोहेगांव निवासी श्री केरन्ना पराशराम आनंदे माता के परम भक्त थे। वे व्यापार के सिलसिले में बोधन आते-जाते थे। बाद में बीड़ी व्यवसाय के लिए खामगांव पहुंचे। बताया जाता है कि माता ने उन्हें स्वप्न में दर्शन देकर कोजागिरी पूर्णिमा से उत्सव शुरू करने की प्रेरणा दी। इसके बाद उन्होंने अपनी बीड़ी फैक्ट्री के श्रमिकों के सहयोग से उत्सव की शुरुआत की। वर्ष 1908 में सती फाल स्थित उनके निवास के सामने आयोजन हुआ। वर्ष 1952 से जगदंबा चौक में यह उत्सव बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है।
सेवा, महाप्रसाद और भव्य विसर्जन आकर्षण
उत्सव के दौरान माता के दर्शन के लिए परिसर में लगातार श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। पूजा सामग्री की दुकानें और मेला आयोजन की रौनक बढ़ाते हैं। सैकड़ों सेवाधारी और न्यासी व्यवस्थाओं में जुटकर भक्तों की सेवा करते हैं। महाप्रसाद वितरण में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उत्सव का सबसे भावुक दृश्य विसर्जन के दिन दिखाई देता है, जब माता की प्रतिमा को आकर्षक रथ में विराजमान कर विसर्जन स्थल तक ले जाया जाता है। श्रद्धालु स्वयं रथ खींचते हैं और विदाई के समय कई भक्त भावुक हो उठते हैं।
आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक
मोठी देवी उत्सव में सभी जाति-धर्मों के लोग भाग लेते हैं। पूजा, आरती, भजन और सामूहिक सेवा के माध्यम से यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। इसी कारण खामगांव का यह उत्सव दूर-दूर तक प्रसिद्ध है।