उज्जैन। प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर को हटाए जाने के विरोध में चल रहे आंदोलन को अब साधु-संतों का समर्थन मिलने लगा है। इसी क्रम में साध्वी हर्षानंद गिरी गुरुवार को उज्जैन पहुंचीं और प्रसिद्ध खड़े हनुमान जी के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
मंदिर नहीं हटाए जाने के समर्थन में चल रहे आंदोलन के बीच पहुंचीं साध्वी ने कहा कि हनुमान जी ने अपनी इच्छा स्पष्ट कर दी है। जब बाबा स्वयं यहां से नहीं जाना चाहते तो प्रशासन को मंदिर को छोड़कर विकास की योजना आगे बढ़ानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संत विकास के विरोध में नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर मंदिर हटाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
साध्वी हर्षानंद गिरी ने कहा कि यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इसके संरक्षण के लिए सभी संतों और आम लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने मंदिर की रक्षा के लिए चल रहे आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि प्रशासन को श्रद्धालुओं की भावनाओं का भी सम्मान करना चाहिए।
साध्वी के उज्जैन पहुंचने और मंदिर में पूजा करने के बाद आंदोलन को नया समर्थन मिलने की चर्चा है। मंदिर को लेकर प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच चल रहा विवाद अब संत समाज की सक्रियता से और महत्वपूर्ण हो गया है।