← वापस
उज्जैन

खड़े हनुमानजी की प्रतिमा की गहराई नापने पहुंची विशेषज्ञों की टीम, मशीनें हुईं बंद, श्रद्धालु बोले 'यह बजरंगबली का चमत्कार!'  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
खड़े हनुमानजी की प्रतिमा की गहराई नापने पहुंची विशेषज्ञों की टीम, मशीनें हुईं बंद, श्रद्धालु बोले 'यह बजरंगबली का चमत्कार!'

 

उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन में प्राचीन खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। करीब 170 साल पुराने इस मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के बाद अब प्रशासन प्रतिमा की वास्तविक स्थिति और जमीन के भीतर उसके आधार की गहराई जानने में जुटा है। इसी सिलसिले में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे प्रशासनिक अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मंदिर पहुंची।

     भोपाल से आधुनिक मशीनों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ आई आठ सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम ने प्रतिमा की स्कैनिंग और उसके आधार की गहराई मापने की कोशिश की। लेकिन जांच के दौरान अचानक मशीनों में तकनीकी खराबी आ गई और उपकरणों ने काम करना बंद कर दिया। विशेषज्ञों ने दोबारा प्रयास किया, लेकिन इस घटनाक्रम ने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया।

      मशीनों के अचानक बंद होने की खबर सामने आते ही श्रद्धालुओं के बीच इसे हनुमानजी का चमत्कार बताने की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, मशीनों के बंद होने की वास्तविक तकनीकी वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस पूरी कार्रवाई ने एक नया सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आखिर प्रशासन को इतनी रात में ही प्रतिमा की जांच कराने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या यही काम दिन के उजाले में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में नहीं किया जा सकता था?

   एसडीएम के नेतृत्व में पहुंची प्रशासनिक टीम

      जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों एक रात करीब साढ़े 12 बजे एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम खड़े हनुमानजी के मंदिर पहुंची। इसमें नगर निगम, पुलिस प्रशासन और भोपाल से आए आठ सदस्यीय तकनीकी विशेषज्ञों के दल के सदस्य शामिल थे। टीम अपने साथ प्रतिमा की स्कैनिंग और जमीन के भीतर उसकी स्थिति का पता लगाने के लिए आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मशीनें लेकर आई थी।

      विशेषज्ञों का उद्देश्य यह पता लगाना था कि हनुमानजी की प्राचीन प्रतिमा का आधार जमीन के भीतर कितनी गहराई तक है। इसके अलावा प्रतिमा के नीचे की संरचना, उसकी मजबूती और जमीन के साथ उसकी पकड़ का भी तकनीकी आकलन करने की कोशिश की गई। इसके लिए प्रतिमा के आसपास उपकरण लगाए गए और स्कैनिंग की प्रक्रिया शुरू की गई।

      बताया जा रहा है कि जांच के दौरान मशीनों ने अचानक काम करना बंद कर दिया। विशेषज्ञों ने उपकरणों को दोबारा चालू करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण जांच की प्रक्रिया प्रभावित हुई। करीब डेढ़ घंटे तक टीम मौके पर मौजूद रही। हालांकि, इस तकनीकी खराबी का वास्तविक कारण और जांच का अंतिम परिणाम प्रशासन की ओर से सार्वजनिक नहीं किया गया है।

खबरें और भी हैं...