सागर जैसी घटना दोबारा हुई तो जिम्मेदारों पर आपराधिक प्रकरण की चेतावनी" उपमुख्यमंत्री
भोपाल। सागर की घटना के बाद आबकारी विभाग ने प्रदेशभर में अवैध अहातों, ओवररेटिंग और अवैध शराब के खिलाफ सख्ती का फैसला लिया है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंगलवार को आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में संभागीय उपायुक्तों को निर्देश दिए कि प्रदेश में संचालित सभी अवैध अहाते तत्काल बंद कराए जाएं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि कार्रवाई में लापरवाही मिली तो सिर्फ लाइसेंसधारी ही नहीं, जिम्मेदार अधिकारी भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
देवड़ा ने कहा कि आबकारी नीति के तहत अहाते प्रतिबंधित हैं। इसके बावजूद शराब दुकानों के आसपास बिना अनुमति शराब पिलाने की व्यवस्था मिली तो संबंधित लाइसेंसधारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने सागर की घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि ऐसी घटना दोबारा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुनरावृत्ति होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ओवररेटिंग मिली तो तत्काल कार्रवाई
शराब दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने यानी ओवररेटिंग को भी गंभीरता से लिया गया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत मिलते ही जांच कर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। अवैध गतिविधियों की सूचना सीधे विभाग तक पहुंचाने के लिए टोल-फ्री नंबर शुरू करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा गया।
अवैध शराब पर निगरानी बढ़ेगी
बैठक में अवैध शराब के उत्पादन, संग्रहण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। उत्पादन इकाइयों की निगरानी बढ़ाने, आदतन आबकारी अपराधियों पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने को कहा गया। पुलिस के साथ समन्वय मजबूत करने और विभागीय सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
पवित्र क्षेत्रों में बिक्री पर रोक का पालन
मंदसौर, जबलपुर और नर्मदापुरम सहित विभिन्न स्थानों से मिली शिकायतों का उल्लेख करते हुए देवड़ा ने धार्मिक स्थलों और शासन द्वारा निर्धारित पवित्र नगरीय क्षेत्रों में शराब बिक्री पर रोक का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि मौके पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान
आबकारी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाए रखने और आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने को कहा गया। देवड़ा ने स्पष्ट किया कि आबकारी अपराधों पर नियंत्रण और शासन के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
बैठक में प्रमुख सचिव अमित राठौर, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना सहित सभी संभागीय उपायुक्त मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पदोन्नति के साथ मिली जिम्मेदारी का उल्लेख करते हुए जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ काम करने की हिदायत दी।