इंदौर। पलासिया चौराहे पर बुधवार को आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी महिला मित्र के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने के बाद महिला खून से लथपथ हालत में मदद के लिए सड़क पर दौड़ती रही। यह देखकर मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। जवानों ने बिना समय गंवाए रुमाल से महिला के गले पर पट्टी बांधी और ऑटो से निजी अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार महिला किसी शिकायत के सिलसिले में महिला थाने जा रही थी। वह थाने से कुछ दूरी पर ही पहुंची थी, तभी आरोपी ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और घायल हालत में सड़क पर मदद के लिए दौड़ने लगी। उसके गले से खून निकल रहा था।
मौके पर तैनात आरक्षक सुमन्त सिंह कछावा, रवि मंडेलिया और वीरेंद्र भूरिया ने स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल प्राथमिक उपचार करते हुए खून रोकने का प्रयास किया। इसके बाद महिला को ऑटो से निजी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने समय पर उपचार शुरू कर उसकी हालत संभाली।
घटना के बाद आरोपी ने भी अपने गले पर ब्लेड से वार कर लिया। आरक्षक रवि मंडेलिया और कृष्णा ने उसे भी अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद पलासिया क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना को आपसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस महिला और आरोपी के बीच विवाद की वजह तथा हमले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।