← वापस
मध्यप्रदेश

“जहरीली शराब से मौतों पर सागर में संग्राम: हाईवे जाम, प्रशासन पर फूटा गुस्सा”  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
“जहरीली शराब से मौतों पर सागर में संग्राम: हाईवे जाम, प्रशासन पर फूटा गुस्सा”  

बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में कई मौतों से मचा हड़कंप; ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही और अवैध शराब कारोबार को संरक्षण देने का आरोप

सागर। जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत की घटना के बाद सागर जिले में गुस्सा सड़कों पर उतर आया। बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र के घूघर, नौराज, बराज सहित आसपास के गांवों में हुई मौतों की खबर से तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सागर-छतरपुर मुख्य हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शनकारियों ने अवैध शराब के कारोबार और प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है और जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने में नाकाम रहे हैं। नेताओं ने मौतों के वास्तविक आंकड़े सामने लाने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

कांग्रेस का दावा- मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार करीब 22 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने 11 मौतों और 25 से अधिक लोगों के अस्पताल में भर्ती होने का दावा किया। हालांकि, मौतों की अंतिम संख्या और मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

सिंघार ने सवाल उठाया कि मध्यप्रदेश में अवैध शराब का कारोबार आखिर कब रुकेगा। उन्होंने तत्काल उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।

सीएम बोले- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मंत्री और अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

  उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी घटना पर दुख जताते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से जानकारी ली। आबकारी आयुक्त को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटना की जांच में जुटी हैं।

पूर्व विधायक का आरोप- प्रशासन की नाक के नीचे खेल

पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने आरोप लगाया कि अधिकृत शराब विक्रेताओं की मिलीभगत से जहरीली शराब का कारोबार चल रहा है। उन्होंने पूरे नेटवर्क की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

हाईवे पर चक्काजाम के बाद अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती मौतों की वास्तविक वजह और अवैध शराब के पूरे नेटवर्क का पता लगाना है।

खबरें और भी हैं...