इंदौर। मध्यप्रदेश में सार्वजनिक यात्री परिवहन को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में आज शुक्रवार से दो दिवसीय यात्री परिवहन विजन समिट-2026 शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में समिट का शुभारंभ करेंगे। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित देशभर के परिवहन विशेषज्ञ, निजी बस संचालक,राज्य परिवहन उपक्रमों, तकनीकी कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे।
समिट का मुख्य केंद्र ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ रहेगा। मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड के माध्यम से जन-निजी भागीदारी, आधुनिक तकनीक और हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर मंथन होगा।
मुख्यमंत्री उद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ संस्था के नए लोगो और विशेष पुस्तिका का विमोचन करेंगे। परिवहन क्षेत्र में नए तकनीकी समाधान विकसित करने वाले नव उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए नवाचार प्रतियोगिता भी शुरू होगी।
समिट में आठ सत्र होंगे। इनमें बस संचालन, परिवहन ढांचे में निवेश, आत्मनिर्भर बस सेवा, रोजगार व उद्यमिता, यात्री सुरक्षा, आंकड़ों के आधार पर मार्ग निर्धारण, स्वच्छ ईंधन आधारित परिवहन और एकीकृत टिकट व्यवस्था जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
2030 के परिवहन दृष्टिकोण के तहत बस अड्डों, बहु-माध्यम परिवहन केंद्रों, विद्युत बसों,हरित डिपो और आधुनिक सूचना प्रणालियों में निवेश बढ़ाने के उपायों पर भी विशेषज्ञ सुझाव देंगे। समिट के निष्कर्षों के आधार पर प्रदेश की भविष्य की यात्री परिवहन व्यवस्था के लिए कार्ययोजना तैयार होने की उम्मीद है।