← वापस
मध्यप्रदेश

“मौत बनकर झूला बिजली का तार: हाथी की सूंड में फंसा करंट, जंगल में तड़पकर मौत”  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
“मौत बनकर झूला बिजली का तार: हाथी की सूंड में फंसा करंट, जंगल में तड़पकर मौत”

 

सीधी/मऊगंज। जंगल में विचरण कर रहे हाथियों के लिए बिजली के खुले तार मौत का जाल बन गए। सीधी-मऊगंज सीमा से लगे मलकपुर क्षेत्र में शनिवार को करंट लगने से एक हाथी की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हाथी की सूंड बिजली के तार में फंस गई थी। करंट लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। डीएफओ लोकेश नीरापुरे के मुताबिक मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। हाथी का पोस्टमार्टम मलकपुर के पास ही कराया जाएगा। घटनास्थल वन विकास निगम के अधीन वन क्षेत्र में बताया जा रहा है।

पांच दिन पहले सीधी के जंगल पहुंचा था जोड़ा

बताया गया कि हाथियों का यह जोड़ा 14 सितंबर को मऊगंज के हनुमना क्षेत्र में तुर्रा पहाड़ पार कर सीधी जिले के मधुगांव के जंगल में पहुंचा था। करीब पांच दिन तक दोनों हाथी सीधी-मऊगंज सीमा से लगे जंगलों में घूमते रहे। शुक्रवार रात दोनों हाथी फिर मऊगंज सीमा के मलकपुर क्षेत्र में पहुंचे। इसी दौरान एक हाथी बिजली के तार की चपेट में आ गया।

     छह महीने से जंगलों में था डेरा

हाथियों का यह जोड़ा करीब छह महीने से मऊगंज, रीवा और सीधी के अलग-अलग वन क्षेत्रों में घूम रहा था। हाल के दिनों में दोनों हाथियों की आबादी वाले क्षेत्रों में भी आवाजाही बढ़ी थी। मऊगंज क्षेत्र में हाथियों के पहुंचने के बाद कई गांवों में ग्रामीणों को रात में पहरा तक देना पड़ा। रिपोर्टों के अनुसार हाथियों ने कुछ जगह घरों को नुकसान पहुंचाया और फसलों को भी रौंदा था।

   पहले भी करंट ने ली हाथी की जान

मध्यप्रदेश में बिजली के तारों से हाथियों की मौत का यह पहला मामला नहीं है। नवंबर 2024 में मैहर जिले के मझटोलवा गांव में 11 हजार केवी लाइन की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक तार नीचे लटक रहे थे और हाथी की सूंड उनके संपर्क में आ गई थी। मामले में बिजली विभाग के जेई को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे।

बिजली के खुले और नीचे झूलते तारों से पहले भी वन्यजीवों के लिए खतरा सामने आ चुका है। अब मलकपुर की घटना ने वन क्षेत्रों से गुजर रही बिजली लाइनों की ऊंचाई, सुरक्षा और निगरानी पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...