← वापस
इंदौर

लिफ्ट के बहाने 17 साल के कृष्णा को सुनसान मैदान में ले गए, लूट का विरोध किया तो चाकू से रेत दिया गला; 11 साल बाद खुला ‘अंधे कत्ल’ का राज  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
लिफ्ट के बहाने 17 साल के कृष्णा को सुनसान मैदान में ले गए, लूट का विरोध किया तो चाकू से रेत दिया गला; 11 साल बाद खुला ‘अंधे कत्ल’ का राज

 

इंदौर। खजराना बायपास के पास अप्रैल 2015 में मिले 17 वर्षीय कृष्णा के शव का रहस्य आखिरकार करीब 11 साल बाद खुल गया। पुलिस के अनुसार, कृष्णा को लिफ्ट देने के बहाने तीन लोग सुनसान स्थान पर ले गए थे। वहां उसके साथ लूट की गई। विरोध करने पर चाकू से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने पहचान और सबूत मिटाने के लिए मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान जलाने और छिपाने का प्रयास किया था।

      सुनसान मैदान में ले जाकर की लूट

पुलिस के मुताबिक 17 अप्रैल 2015 को खजराना थाना क्षेत्र के बायपास के पास कृष्णा का शव मिला था। उस समय आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी और मामला अज्ञात हत्यारों के खिलाफ दर्ज कर जांच शुरू हुई।

   पुराने गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान खजराना पुलिस ने इस प्रकरण को फिर से खंगाला। मुखबिर सूचना और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को अकील उर्फ नाइट्रा और आरिफ उर्फ नाइट्रा पर संदेह हुआ। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

    पुलिस के अनुसार,अकील, आरिफ और परवेज ने कृष्णा से लिफ्ट लेने के बहाने संपर्क किया और उसे खजराना बायपास के पास सुनसान मैदान में ले गए। वहां नशा करने के बाद आरोपियों ने कृष्णा से सोने का लॉकेट,चांदी की चेन-पेंडल और नकदी लूट ली। विरोध करने पर अकील ने चाकू से उसके गले पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

       सबूत मिटाने की भी कोशिश

पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद आरोपियों ने कृष्णा की मोटरसाइकिल सहित अन्य साक्ष्यों को जलाकर और छिपाकर मामले को दबाने का प्रयास किया। तीसरे आरोपी परवेज की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।

    पुलिस ने अकील उर्फ नाइट्रा और आरिफ उर्फ नाइट्रा को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध इंदौर और उज्जैन के अलग-अलग थानों में लूट,चोरी, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज बताए गए हैं।

    आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का लॉकेट,चांदी की चेन-पेंडल, मोटरसाइकिल और अन्य सामग्री बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब दोनों से वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों और संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।

खबरें और भी हैं...