इंदौर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में एक युवती ने शहर के व्यस्त लैंटर्न चौराहे को ही रील का सेट बना दिया। जेब्रा क्रॉसिंग के बीच सड़क पर लेटकर वीडियो शूट करवाना और इससे कुछ देर यातायात प्रभावित करना उसे भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद तुकोगंज पुलिस ने जांच कर युवती की पहचान की और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया के मुताबिक,शुक्रवार को वायरल हुए वीडियो में युवती चौराहे की जेब्रा क्रॉसिंग पर बीच सड़क लेटी दिखाई दे रही थी। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर विशेषज्ञों से सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल कराई। जांच में युवती की पहचान प्रकृति राजेश गौर, निवासी खजराना के रूप में हुई।
इसके बाद कमिश्नरेट इंटेलिजेंस विंग के पुलिसकर्मी की शिकायत पर तुकोगंज थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार युवती सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है और अधिक लाइक्स-फॉलोअर्स जुटाने के लिए रील बनाई थी।
पुलिस ने साफ किया कि रील या शॉर्ट वीडियो के लिए सार्वजनिक सड़क पर स्टंट करना, यातायात रोकना या राहगीरों की सुरक्षा खतरे में डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कंटेंट पर नजर रखकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।