← वापस
इंदौर

लोकायुक्त की जांच के घेरे में पुलिस वाहन का चालक फिरोज खान, लकड़ी माफिया से सांठगांठ के संकेत!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
लोकायुक्त की जांच के घेरे में पुलिस वाहन का चालक फिरोज खान, लकड़ी माफिया से सांठगांठ के संकेत!

 

- अवैध लकड़ी परिवहन और फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों की संपत्ति, वन विभाग के रिकॉर्ड में नाम आने की चर्चा

 देवास/इंदौर। पुलिस विभाग में वाहन चालक के पद पर तैनात फिरोज खान की कथित अवैध संपत्ति का मामला अब लकड़ी के अवैध कारोबार से उसके संबंधों को लेकर भी चर्चा में है। लोकायुक्त द्वारा उसकी संपत्ति को लेकर की गई कार्रवाई के बाद अब उसके देवास और इंदौर के लकड़ी कारोबारियों से कथित संबंधों की पड़ताल का मुद्दा सामने आया है। बताया जा रहा है कि फिरोज खान ने अपनी आय से अधिक संपत्ति केवल पुलिस विभाग की नौकरी से नहीं,बल्कि लकड़ी के अवैध कारोबार में कथित भागीदारी के जरिए अर्जित की। हालांकि,इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।

      सूत्रों के मुताबिक,फिरोज खान के संबंध देवास और इंदौर,धार के उन लोगों से बताए जा रहे हैं, जो कथित तौर पर लकड़ी के अवैध परिवहन और कारोबार में सक्रिय हैं। आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए लकड़ी से भरे ट्रकों को इधर-उधर पहुंचाने,परिवहन की व्यवस्था करने और लकड़ी मंडी में कथित रूप से कबूतर टीपी तैयार कर कारोबार संचालित करने का काम किया जाता था। इसी तरह करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित किए जाने की आशंका जताई जा रही है। लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद इन कथित कारोबारी संबंधों की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।

     पुलिस विभाग में वाहन चालक के पद पर कार्यरत व्यक्ति की आय और कथित संपत्ति के बीच अंतर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि उसकी घोषित आय से इतनी बड़ी संपत्ति अर्जित करना संभव नहीं था और संपत्ति के पीछे गोल लकड़ी,गुट्के फांचरे का सिंडिकेट संचालित करता था। इससे होने वाली कथित कमाई की भूमिका हो सकती है। हालांकि,संपत्ति के वास्तविक स्रोत, कारोबार में उसकी भूमिका और कथित नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जांच एजेंसियों की आधिकारिक पुष्टि सामने आना जरूरी है।

  सोनकच्छ में पकड़े लकड़ी से भरे ट्रक से जुड़े तार

      फिरोज खान के कथित लकड़ी कारोबार से जुड़े होने की चर्चा के बीच सोनकच्छ वन विभाग की ओर से अवैध लकड़ी परिवहन के मामले में की गई कार्रवाई भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कुछ समय पहले देवास-भोपाल स्टेट हाईवे पर कराड़िया फाटे के पास वन विभाग ने लकड़ी से भरा एक ट्रक जब्त किया था। सूत्रों के मुताबिक,जब्त लकड़ी देवास के फिरोज खान की बताई जा रही थी। यदि इसकी पुष्टि होती है, तो यह मामला उसके कथित कारोबारी संपर्कों की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकता है।

     कुछ समय पहले देवास-भोपाल स्टेट हाईवे पर कराड़िया फाटे के पास खड़े ट्रक (एमपी-15 जी-1926) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में गीली लकड़ी भरी मिली। जब चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बताया गया कि चालक लकड़ी के संबंध में संतोषजनक जानकारी भी नहीं दे पाया।

      इसके बाद वन विभाग की टीम ट्रक को दौलतपुर रेस्ट हाउस ले गई। वहां ट्रक की तिरपाल हटाकर जांच की गई तो ऊपरी हिस्से में गीली लकड़ी के गुटके भरे दिखाई दिए। वन विभाग ने ट्रक को जब्त कर पंचनामा तैयार किया। इस मामले में ट्रक के चालक और मालिक सद्दाम पिता मुबारिक,निवासी देवास,को हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।

     वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद लकड़ी के अवैध परिवहन में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे। सूत्रों का दावा है कि जब्त लकड़ी का संबंध फिरोज खान से था। हालांकि, जब्ती संबंधी आधिकारिक रिकॉर्ड में उसके नाम की स्थिति और लकड़ी के स्वामित्व की पुष्टि किए जाने की आवश्यकता है। ट्रक के मालिक, चालक और कथित लकड़ी कारोबारी के बीच संबंधों की जांच से ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

   लेन-देन कर मामला दबाने की कोशिश का भी आरोप

      इस कार्रवाई को लेकर यह आरोप भी सामने आया था कि कुछ लकड़ी कारोबारियों ने कथित तौर पर लेन-देन के जरिए मामले को रफादफा करने की कोशिश की। हालांकि, मीडिया के हस्तक्षेप के बाद वन विभाग की कार्रवाई आगे बढ़ने की बात कही जा रही है। कार्रवाई में वन विभाग के गोपालसिंह संघव, कृष्णा भरिया सहित अन्य कर्मचारियों का सहयोग बताया गया था।

   लकड़ी मामले में फिरोज की भूमिका की जांच

      यदि अवैध लकड़ी परिवहन के इस मामले में किसी प्रभावशाली कारोबारी या सरकारी कर्मचारी की भूमिका सामने आती है, तो जांच का दायरा केवल ट्रक की जब्ती और परिवहन संबंधी दस्तावेजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह भी जांच का विषय है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी, उसे कहां पहुंचाया जाना था, परिवहन के लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। कथित फर्जी फॉर्म के जरिए लकड़ी मंडी में कारोबार किए जाने के आरोपों की भी जांच आवश्यक है।

   लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद बढ़े सवाल

     फिरोज खान की कथित आय से अधिक संपत्ति को लेकर लोकायुक्त की कार्रवाई ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। अब सवाल यह है कि उसकी संपत्ति का स्रोत क्या है और क्या इसका संबंध लकड़ी के कथित अवैध कारोबार से है? यदि जांच में संपत्ति और लकड़ी कारोबार के बीच संबंध सामने आते हैं, तो संबंधित लेन-देन, बैंक खातों, संपत्ति खरीदने के स्रोतों और कारोबार में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी।

   लकड़ी तस्करी में फीरोज खान की भूमिका

       इस मामले में यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि फिरोज खान की भूमिका केवल कथित कारोबारी संपर्कों तक सीमित थी या वह लकड़ी के परिवहन, खरीद-फरोख्त और दस्तावेजों की व्यवस्था में भी सक्रिय था। इसके लिए वन विभाग के जब्ती रिकॉर्ड, परिवहन दस्तावेजों, लकड़ी मंडी के रिकॉर्ड और लोकायुक्त की जांच में सामने आए तथ्यों का मिलान जरूरी होगा।

      फिलहाल, फिरोज खान के लकड़ी माफिया से कथित संबंधों और सोनकच्छ में जब्त लकड़ी से उसके जुड़ाव के दावों की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है। ऐसे में जांच एजेंसियों की भूमिका अहम हो जाती है। वरिष्ठ वन अधिकारियों और संबंधित जांच एजेंसियों को यह स्पष्ट करना होगा कि जब्त ट्रक के मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई, लकड़ी के वास्तविक मालिक की पहचान हुई या नहीं और अवैध परिवहन के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका सामने आई है या नहीं।

      लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद अब निगाहें इस बात पर हैं कि जांच केवल संपत्ति के दस्तावेजों तक सीमित रहती है या कथित अवैध कमाई के स्रोत तक भी पहुंचती है। यदि लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपों में तथ्य मिलते हैं, तो यह मामला सरकारी कर्मचारी की संपत्ति की जांच से आगे बढ़कर अवैध लकड़ी परिवहन के संभावित नेटवर्क की पड़ताल का विषय बन सकता है।

खबरें और भी हैं...