← वापस
इंदौर

लोकायुक्त की जांच में फिरोज खान की 92 लाख की संपत्तियों का खुलासा, 45 बीघा जमीन के सौदे में भी आया नाम!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
लोकायुक्त की जांच में फिरोज खान की 92 लाख की संपत्तियों का खुलासा, 45 बीघा जमीन के सौदे में भी आया नाम!

 

देवास में दो प्लॉट की नीलामी में पत्नी,मां और बेटी ने लगाई थी ऑनलाइन बोली; उज्जैन रोड की 45 बीघा जमीन 9 करोड़ में बेचने के मामले में भी जांच होगी

इंदौर। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक फिरोज खान के खिलाफ लोकायुक्त की आय से अधिक संपत्ति संबंधी जांच में नए तथ्य सामने आए हैं। 14 अक्टूबर को उनके आवासों और अन्य ठिकानों पर की गई सर्च कार्रवाई के बाद 22 अक्टूबर तक की जांच में देवास की दो संपत्तियों की खरीद और उज्जैन रोड की करीब 45 बीघा जमीन के सौदे से जुड़े बिंदु सामने आए हैं।

   लोकायुक्त के अनुसार,चोला मंडलम इंदौर ने अगस्त 2025 में देवास में दो संपत्तियों की नीलामी आयोजित की थी। इनमें उज्जैन रोड स्थित सर्वे नंबर 58 के प्लॉट नंबर 38डी, जिसका क्षेत्रफल 2400 वर्गफीट बताया गया है, और कॉन्वेंट स्कूल मार्ग स्थित प्लॉट नंबर 39 पैकी, जिसका क्षेत्रफल 750 वर्गफीट है, शामिल हैं। नीलामी में फिरोज खान की पत्नी हिना खान, मां वहीदा खान और बेटी जैफी खान ने ऑनलाइन बोली लगाई थी। दोनों प्लॉट की बोली 92 लाख रुपए में अंतिम हुई और राशि जमा कर रजिस्ट्री कराई गई। इनमें से एक प्लॉट पर मकान बना हुआ है। लोकायुक्त के मुताबिक, इन संपत्तियों पर कुल अनुमानित खर्च करीब एक करोड़ रुपए आया है। इस संबंध में देवास के रजिस्ट्रार कार्यालय से जानकारी मांगी गई है।

 45 बीघा जमीन का 9 करोड़ में सौदा भी जांच के दायरे में

जांच में उज्जैन रोड की करीब 45 बीघा जमीन की बिक्री के दस्तावेजों में भी फिरोज खान की गवाह के रूप में भूमिका सामने आई है। यह जमीन कस्तूरीबाई और रविकांत पंवार, निवासी इंदौर, ने श्याम इन्फ्रा के पार्टनर सुमित जिंदल को 9 करोड़ रुपए में बेची थी। इस मामले में राजस्व न्यायालय ने नामांतरण पर रोक लगा रखी है। लोकायुक्त अब जांच करेगा कि इस सौदे में फिरोज खान की क्या भूमिका रही।

     कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन में तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और इंदौर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में की जा रही है।

खबरें और भी हैं...