रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया था डॉक्टर, मारपीट के मामले में कोर्ट ने जारी किया था गिरफ्तारी वारंट
इंदौर/रतलाम। रिश्वतखोरी के मामले में लोकायुक्त के ट्रैप के बाद से गिरफ्तारी से बच रहा डॉक्टर आखिरकार लोकायुक्त टीम के हत्थे चढ़ गया। बड़वानी के रिश्वत मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद फरार चल रहे डॉक्टर मनोहर गोदारा को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बुधवार को रतलाम जिले के सैलाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपी डॉक्टर को विशेष न्यायालय बड़वानी में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामला 7 मई 2026 का है। सेवा पैथोलॉजी लैब, राजपुर के मैनेजर अदनान अली की शिकायत पर लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए तीन डॉक्टरों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। इनमें डॉक्टर अमित शाक्य पर 8 हजार, लेडी डॉक्टर दिव्या साईं पर 5 हजार और डॉक्टर मनोहर गोदारा पर 12 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप था।
ट्रैप कार्रवाई के बाद आरोपियों को छोड़े जाने की जानकारी है। इसके बाद आरोपियों द्वारा भीड़ को उकसाकर शिकायतकर्ता अदनान अली के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। इसी प्रकरण में बड़वानी न्यायालय ने 1 जुलाई 2026 को डॉक्टर मनोहर गोदारा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
वारंट जारी होने के बाद से डॉक्टर अपने पैतृक निवास सांचौर, जिला जालौर (राजस्थान) चला गया था। लोकायुक्त टीम को सूत्र से उसके सैलाना में मौजूद होने की सूचना मिली। सत्यापन में सूचना सही पाए जाने के बाद बुधवार, 9 सितंबर को टीम ने सैलाना सीएचसी पहुंचकर डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। टीम में निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक विजय कुमार, आशीष शुक्ला, प्रमोद यादव, आरक्षक आशीष नायडू, आशीष आर्य और कमलेश तिवारी शामिल रहे।