← वापस
इंदौर

लोकायुक्त में शिकायत के बाद कार्रवाई,जींस होम भवन की तीसरी-चौथी मंजिल हटाने का काम शुरू  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
लोकायुक्त में शिकायत के बाद कार्रवाई,जींस होम भवन की तीसरी-चौथी मंजिल हटाने का काम शुरू

 

इंदौर। नगर निगम मुख्यालय के ठीक सामने स्थित जींस होम भवन की अवैध रूप से निर्मित तीसरी और चौथी मंजिल पर बुधवार सुबह निगम की रिमूवल टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। लोकायुक्त में शिकायत के बाद निगम प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई।

निगम की टीम सुबह रामबाग वाली सड़क स्थित भवन पर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार दोनों मंजिलों का स्वीकृत नक्शा नहीं है। भवन संचालक को पहले कई बार नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर निगम ने खुद तोड़फोड़ शुरू की।

शुरुआत में मशीनों के जरिए कार्रवाई की तैयारी थी, लेकिन मौके की स्थिति को देखते हुए मजदूरों को बुलाकर मैनुअल तरीके से हथौड़े चलाए गए। निगम अधिकारियों का कहना है कि दोनों मंजिलों को हटाया जाएगा।

हालांकि कार्रवाई के बीच बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि निगम मुख्यालय के सामने ही दो अवैध मंजिलें वर्षों तक कैसे बनी रहीं और वहां कारोबार कैसे चलता रहा? इतने लंबे समय तक जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस निर्माण पर क्यों नहीं पड़ी, यह सवाल भी चर्चा में है। लोकायुक्त शिकायत के बाद अचानक हुई कार्रवाई ने निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में भवन अधिकारी पल्लवी पाल से भी जानकारी ली गई है।

खबरें और भी हैं...