← वापस
धार

लाखों के रिचार्ज पिट कचरे में गुम, भू-जल बचाने की योजना बदहाल  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
लाखों के रिचार्ज पिट कचरे में गुम, भू-जल बचाने की योजना बदहाल

 

12 पिट पर 12 लाख से ज्यादा खर्च; कहीं पाइप बाहर, कहीं पानी पहुंचने का रास्ता ही नहीं—बारिश से पहले रखरखाव नहीं हुआ तो योजना पर फिर पानी

धार। शहर में भू-जल स्तर बढ़ाने और बारिश के पानी को जमीन के भीतर पहुंचाने के लिए नगर पालिका ने वर्ष 2025 में 12 रिचार्ज पिट तैयार करवाए थे। एक पिट पर एक लाख रुपए से अधिक खर्च होने के हिसाब से इन पर करीब 12 लाख रुपए से ज्यादा खर्च हुए। निर्माण के बाद नियमित रखरखाव नहीं होने से अब कई पिट झाड़ियों, कचरे और पत्थरों से घिरे नजर आ रहे हैं।

    रिचार्ज पिट का उद्देश्य बारिश के पानी को सड़क और नालियों में बहने से रोककर जमीन के भीतर पहुंचाना था। इसके लिए करीब 30 फीट तक बोर कर पाइप डाले गए और पानी के रिसाव के लिए पत्थरों व गिट्टी की अलग-अलग परतें तैयार की गईं। लेकिन कई स्थानों पर पाइप जमीन से ऊपर निकले हैं तो कहीं बारिश का पानी पिट तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त जल प्रवाह व्यवस्था नजर नहीं आती।

    निर्माण के बाद सफाई और निगरानी पर सवाल

पिटों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और पानी के प्रवाह की जांच जरूरी है। इसके बावजूद कई जगह कचरा और मिट्टी जमा है। इससे बारिश के दौरान यही सामग्री पिट में पहुंचकर पानी के रिसाव की व्यवस्था प्रभावित कर सकती है।

      जहां कैचमेंट नहीं, वहां उपयोग कैसे होगा

रिचार्ज पिट की सफलता सिर्फ गहरा बोर करने से नहीं, बल्कि आसपास के कैचमेंट और पानी के पिट तक पहुंचने की व्यवस्था से तय होती है। कुछ स्थानों पर पानी के बहाव का रास्ता ही प्रभावी नहीं दिख रहा है। कई पिटों में सुरक्षा जाली भी नजर नहीं आई, जिससे कचरा सीधे अंदर जाने और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

   बारिश से पहले सफाई जरूरी

अब जरूरत है कि नगर पालिका सभी 12 पिटों का भौतिक निरीक्षण कर सफाई, झाड़ियों की कटाई और जल प्रवाह व्यवस्था दुरुस्त कराए। लाखों रुपए खर्च कर बनाई गई इन संरचनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब बारिश का पानी बिना रुकावट इनके जरिए जमीन के भीतर पहुंच सके।

खबरें और भी हैं...