वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई, वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका ड्राइवर;
इंदौर। मल्हारगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान लाखों रुपये की शराब से भरे एक आयशर वाहन को जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान वाहन चालक नशे की हालत में मिला और शराब परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर आबकारी विभाग को सूचना दी। अब दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मल्हारगंज थाना क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बड़े गणपति क्षेत्र में एक संदिग्ध आयशर वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन के भीतर विभिन्न ब्रांड की शराब की बड़ी खेप मिली। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुमित गौर, निवासी रायसेन, बताया।
प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब की खेप धार जिले के घाटा बिल्लौद स्थित फैक्ट्री से सागर ले जाई जा रही थी। हालांकि मौके पर वह परिवहन से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही पुलिस की जांच में चालक के नशे में होने की भी पुष्टि हुई।
पुलिस ने तत्काल आबकारी विभाग को सूचना देकर संयुक्त कार्रवाई शुरू की। शराब से भरे वाहन को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है। संबंधित कंपनी से भी परिवहन से जुड़े दस्तावेज तलब किए गए हैं।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि दस्तावेजों की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि शराब का परिवहन नियमानुसार किया जा रहा था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।