← वापस
धार

लापरवाही का विकास या भ्रष्टाचार? 1324 करोड़ की डही परियोजना में पाइपलाइन ने खोली पोल  

आशीष यादव
आशीष यादव
लापरवाही का विकास या भ्रष्टाचार? 1324 करोड़ की डही परियोजना में पाइपलाइन ने खोली पोल

 

सीएम के उद्घाटन से पहले फूटी लाइन; मकान की दीवार तोड़कर निकला तेज दबाव का पानी, नींव कमजोर होने का खतरा... खेतों की फसलें भी बर्बाद

धार। 1324 करोड़ रुपए की डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना में पाइपलाइन फूटने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम सुरानी में बुधवार सुबह करीब 11 बजे परियोजना की पाइपलाइन अचानक फूट गई। तेज दबाव से निकले पानी ने निर्माणाधीन मकान की दीवार तोड़ दी। पानी मकान की नींव के नीचे तक पहुंच गया, जिससे भवन के कमजोर होने का खतरा पैदा हो गया। पानी के तेज बहाव से आसपास के कई खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी शरद बरड़े ने निर्माणाधीन मकान से दूर रहने की सलाह दी। ग्रामीणों के अनुसार पाइपलाइन फूटने के बाद पानी लगातार बहता रहा और खेतों की ओर फैल गया।

1324 करोड़ की परियोजना में बड़ा सवाल

घटना ऐसे समय हुई है, जब 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के शुभारंभ का कार्यक्रम प्रस्तावित था। स्थानीय प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां भी की जा रही थीं। हालांकि किसी कारणवश मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम निरस्त हो गया। उद्घाटन से ठीक पहले पाइपलाइन फूटने की घटना ने परियोजना की गुणवत्ता, पाइपलाइन की सुरक्षा और निर्माण व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परियोजना पर 1324 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं और इसका काम एनवीडीए द्वारा किया गया है।

सुबह 11 बजे फूटी लाइन, दोपहर 3 बजे तक इंतजार

ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब 11 बजे पाइपलाइन फूटी। तेज बहाव के कारण मकान की दीवार और नींव के नीचे आर-पार बड़ा छेद हो गया। पानी खेतों में फैलने से कपास सहित अन्य फसलों को नुकसान होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दोपहर करीब 3 बजे तक एनवीडीए का कोई नुमाइंदा मौके पर नहीं पहुंचा था।

एनवीडीए के एसडीओ प्रदीप मुजाल्दा ने बताया कि जानकारी प्राप्त हुई है और जोबट की ओर से कर्मचारी मौके पर आ रहा है। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पाइपलाइन को दुरुस्त करने की कोशिशों में जुट गए।

नीचे पाइपलाइन, ऊपर मकान... कर्मचारी भी हैरान

मौके पर पहुंचे कंपनी के दुबे और पटवारी मालवीया के सामने भी स्थिति चुनौतीपूर्ण नजर आई। कर्मचारियों ने कथित तौर पर कहा कि नजारा देखकर दिमाग ही काम नहीं कर रहा है। एक तरफ फूटी पाइपलाइन को ठीक करने की चुनौती थी, तो दूसरी ओर ऊपर बने मकान को नुकसान से बचाने का सवाल।

नीचे पाइपलाइन दबी है और उसके ऊपर मकान बना हुआ है। ऐसे में पाइपलाइन की मरम्मत भी आसान नहीं है। सवाल उठ रहा है कि जिस स्थान पर मकान मौजूद था, वहां से इतनी बड़ी पाइपलाइन बिछाते समय सुरक्षा और तकनीकी परीक्षण किस स्तर पर किया गया?

किसानों के लिए सिंचाई की जगह नई मुसीबत

जिस परियोजना से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने की उम्मीद है, उसी की पाइपलाइन से निकले पानी ने ग्रामीणों के सामने नई परेशानी खड़ी कर दी। मकान मालिक अंतरसिंह जमरा ने बताया कि पानी के कारण नींव कमजोर हुई है। नानसिंह खरते के मकान में पानी घुसने से अनाज, डीजे का सामान और मुर्गी के छोटे-छोटे बच्चों का नुकसान हुआ। पूरे मकान में खेत की मिट्टी भर गई।

एनवीडीए का दावा—निर्माण के दौरान लगी चोट से लीकेज

एनवीडीए के इंजीनियर प्रदीप मुजाल्दा ने कहा कि किसान द्वारा मकान का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रतीत होता है कि कोई चोट लगने से पाइप में लीकेज हुआ है। पाइपलाइन दुरुस्त करने के लिए कर्मचारियों को कहा गया है। किसानों की फसलों का जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी।

—प्रदीप मुजाल्दा, इंजीनियर, एनवीडीए कुक्षी

खबरें और भी हैं...