← वापस
मध्यप्रदेश

‘बाबा की पूजा करो, भगवान की नहीं’… विवाद के बाद पत्नी की हत्या का आरोप!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
‘बाबा की पूजा करो, भगवान की नहीं’… विवाद के बाद पत्नी की हत्या का आरोप!

 

पिता से फोन पर बोली थी बेटी—‘पापा जल्दी आ जाओ, ये मुझे मार डालेगा’; दो मासूम बेटों के सिर से उठा मां का साया, आरोपी पति फरार

राजगढ़। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गुराड़खेड़ा गांव में 36 वर्षीय गायत्री गुर्जर की हत्या के मामले में परिजनों ने पति रामबाबू गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता कमलसिंह गुर्जर का दावा है कि दामाद संत रामपाल का अनुयायी था और पत्नी पर हिंदू देवी-देवताओं की पूजा छोड़कर बाबा की पूजा करने का दबाव बनाता था। परिजनों के मुताबिक, इसी बात को लेकर दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार सुबह हुए विवाद के बाद गायत्री की हत्या किए जाने का आरोप है। घटना के बाद से पति फरार है।

‘पापा, जल्दी आ जाओ, ये मुझे मार डालेगा…’

मृतका के पिता और छायन के पूर्व सरपंच कमलसिंह गुर्जर के मुताबिक, शनिवार सुबह बेटी का फोन आया था। घबराई हुई गायत्री ने उनसे कहा, ‘पापा, ये मुझे पीट रहा है। जल्दी आ जाओ, वरना जान से मार डालेगा।’ बेटी की आवाज सुनकर परिजन तत्काल गुराड़खेड़ा पहुंचे, लेकिन तब तक गायत्री की मौत हो चुकी थी। उसका शव घर के भीतर पड़ा था। आरोपी पति मौके से फरार हो गया था।

   हनुमानजी की पूजा करती थी गायत्री

कमलसिंह के आरोपों के अनुसार, गायत्री हनुमानजी की भक्त थी, जबकि रामबाबू घर में संत रामपाल की तस्वीरें लगाकर परिवार के सदस्यों पर उनकी पूजा करने का दबाव बनाता था। वह पत्नी और बच्चों को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार त्योहार मनाने से भी रोकता था। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर पत्नी को मायके जाने से मना करने और त्योहारों को फालतू बताने की बात भी परिजनों ने कही है।

    दो मासूम बेटों के सिर से उठा मां का साया

गायत्री अपने पीछे 8 और 14 वर्ष के दो बेटों को छोड़ गई है। मां की मौत और पिता के फरार होने से दोनों बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश

ग्रामीणों की सूचना पर शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी रामबाबू गुर्जर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

  धार्मिक आस्था को लेकर विवाद और हत्या के कारण संबंधी बातें फिलहाल मृतका के परिजनों के आरोप हैं। पुलिस जांच के बाद ही इनकी पुष्टि हो सकेगी।

खबरें और भी हैं...