अधीक्षिका पर गालीगलौज और मानसिक प्रताड़ना के आरोप; पति पर बाथरूम के दरवाजे खटखटाने और घर के काम कराने की शिकायत
धार/डही। सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं पर हर साल करोड़ों रुपए खर्च करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था की हकीकत सवाल खड़े कर रही है। डही के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कई छात्राएं रोते हुए थाने पहुंचीं। छात्राओं ने अधीक्षिका अनीता भिड़े और उनके पति के खिलाफ गंभीर शिकायत करते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की। छात्राओं की शिकायत के बाद प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने छात्रावास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
‘मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता’ कहने का आरोप
छात्राओं ने शिकायत में आरोप लगाया कि पिछले करीब एक साल से अधीक्षिका द्वारा छोटी-छोटी बातों पर गालीगलौज, डांट-फटकार और कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाता था। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया और कथित तौर पर यह भी कहा जाता था कि ‘मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।’ परेशान छात्राओं ने अधिकारियों के सामने कहा कि वे अब ऐसी परिस्थितियों में छात्रावास में नहीं रहना चाहतीं और उन्हें तत्काल राहत दी जाए।
पति पर बाथरूम के दरवाजे खटखटाने का आरोप
छात्राओं ने अधीक्षिका के पति पर भी गंभीर आरोप लगाए। शिकायत के अनुसार वे छात्रावास परिसर में ही रहते हैं और कथित रूप से छात्राओं के बाथरूम के दरवाजे खटखटाते थे। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अधीक्षिका के घर ले जाकर झाड़ू-पोछा, बर्तन साफ कराने और सफाई के अलावा बच्चों के कपड़े तक धुलवाए जाते थे। छात्राओं के इन आरोपों की जांच के बाद ही वास्तविकता स्पष्ट होगी, लेकिन शिकायत ने छात्रावास की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘किसी को मत बुलाना’, भोजन को लेकर भी शिकायत
छात्राओं ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय पर्व जैसे अवसरों पर किसी को निमंत्रण देने की बात करने पर भी उन्हें डांटा जाता था और आगे किसी को बुलाने से मना किया जाता था। बीमारी के बाद छुट्टी लेकर लौटने वाली छात्राओं के साथ भी कथित रूप से अभद्र भाषा में बात करने का आरोप लगाया गया।
भोजन व्यवस्था को लेकर भी छात्राओं ने शिकायत की। उनका कहना है कि अधिकारियों के आने की सूचना होने पर बेहतर भोजन और नाश्ता दिया जाता है, जबकि सामान्य दिनों में निर्धारित मीनू का पालन नहीं होता। छात्राओं ने गुरुवार को केवल केले दिए जाने की बात भी कही। ऐसे में छात्रावास के भोजन के निर्धारित मीनू की भी जांच की मांग उठ रही है।
थाने से छात्रावास तक अधिकारियों के साथ पहुंचीं छात्राएं
शिकायत के बाद तहसीलदार ललिता गड़रिया, थाना प्रभारी जमराजी, प्राचार्य अरुण कुशवाह, बीआरसी दुबे, विधायक प्रतिनिधि नोरके, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चोंगड़ और नगर अध्यक्ष छत्रसिंह ठेकेदार छात्राओं के साथ छात्रावास पहुंचे। बताया गया कि छात्राओं को थाने से छात्रावास तक पैदल लाते समय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनके साथ रहे। छात्रावास पहुंचने के बाद अधीक्षिका को तत्काल छात्रावास छोड़ने के लिए कहा गया।
एसडीएम ने भी पहुंचकर की पूछताछ, अधीक्षिका हटाईं
शाम करीब 5.30 बजे एसडीएम भी छात्रावास पहुंचे और निरीक्षण कर छात्राओं से जानकारी ली। हालांकि उन्होंने मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। तहसीलदार ललिता गड़रिया ने बताया कि छात्रावास की एक छात्रा की शिकायत प्राप्त हुई है। जिले से मिले मौखिक आदेश के आधार पर अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। छात्रावास में वैकल्पिक व्यवस्था प्राचार्य द्वारा कर दी गई है। अधीक्षिका के पति के संबंध में की गई शिकायत की जांच कराई जाएगी।
प्राचार्य बोले- पहले नहीं मिली ऐसी शिकायत
प्राचार्य अरुण कुशवाह ने कहा कि उनके निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने पहले ऐसी शिकायत नहीं की थी। हालांकि अधीक्षिका के पति को लेकर शिकायत उनके पास आई थी, जिसकी जानकारी उन्होंने अधीक्षिका को दी थी। उन्होंने बताया कि अधीक्षिका के पति सरदार भिड़े कातरखेड़ा स्कूल में अतिथि शिक्षक हैं और उनके संबंध में भी कार्रवाई की जाएगी।
अधीक्षिका बोलीं- सभी आरोप झूठे
वहीं अधीक्षिका अनीता भिड़े ने छात्राओं के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। एक तरफ छात्राएं रोते हुए थाने पहुंचकर लिखित शिकायत और एफआईआर की मांग कर रही हैं, दूसरी ओर अधीक्षिका आरोपों को गलत बता रही हैं। ऐसे में निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।